Daily update All Commodity news like : Wheat, Rice, Maize, Guar, Sugar, Gur, Pulses, Spices, Mentha Oil & Oil Complex (Musterd seed & Oil, soyabeen seed & Oil, Groundnet seed & Oil, Pam Oil etc.)
18 फ़रवरी 2009
हिंडाल्को चुकाएगी देनदारियां शेयर प्रीमियम रिजर्व से
एल्युमीनियम की देश की सबसे बड़ी उत्पादक कंपनी हिंडाल्को अपने घरेलू और अंतरराष्ट्रीय अधिग्रहणों की देनदारियों को पूरा करने के लिए शेयर प्रीमियम रिजर्व का प्रयोग करेगी। कंपनी की हाल ही में हुई बोर्ड बैठक में इसका निर्णय लिया गया। कंपनी के पास 8,500 करोड़ रुपये का शेयर प्रीमियम रिजर्व है। हिंडाल्को द्वारा स्टॉक एक्सचेंजों को दी गई जानकारी केअनुसार इन देनदारियों को पूरा करने के लिए शेयर प्रीमियम अकाउंट के अलावा बिजनेस रीकंस्ट्रक्शन रिजर्व अकाउंट नाम से फंड भी बनाया जाएगा। यह फंड 31 दिसंबर 2008 तक के शेयर प्रीमियम अकाउंट से ज्यादा नहीं होगा। इसका उपयोग कंपनी की देनदारियों को पूरा करने के लिए किया जाएगा। इस योजना को कंपनी के बोर्ड ने मंजूरी दे दी है। कंपनी द्वारा तैयार इस योजना को आगे शेयरधारकों और सेबी की मंजूरी की आवश्यकता होगी। इस घोषणा के बाद से शेयर बाजार में कंपनी के शेयर पांच फीसदी तक गिर गए हैं। मंगलवार को कंपनी के शेयर 42.20 रुपये प्रति शेयर पर बंद हुए हैं। कंपनी ने 2007 में कनाडा की एल्युमीनियम कंपनी नोवालिस का 6 बिलियन डॉलर में अधिग्रहण किया था। इसके बाद हिंडाल्को दुनिया की पांचवी सबसे बड़ी एल्युमीनियम उत्पादक कंपनी हो गई थी। साथ ही, कंपनी की अमेरिकी बाजारों में पहुंच सुलभ हो गई थी। इसके अलावा, कंपनी ने एल्युमीनियम कंपनी इंडाल को भी खरीदा है। कंपनी अपनी बनारस और रेणुकूट की इकाईयों का विस्तार भी कर रही है। इसके अलावा, इसने उत्कल एल्युमिनिया को भी खरीदा है जिसके चलते कंपनी के ऊपर कर्ज का भार लगातार बढ़ता जा रहा है। शेयर बाजार विशेषज्ञ राजेश ताबे के अनुसार कंपनी द्वारा उठाया गया कदम बिल्कुल सही है। शेयर बाजारों में आई भारी गिरावट और कंपनी की विस्तार परियोजनाओं के चलते कंपनी की देनदारिया बढ़ गई थीं। किसी भी कंपनी के लिए यह सही कदम होता है कि अपने इक्विटी आधार के अनुसार ही विस्तार करें। हिंडाल्को आदित्य बिड़ला समूह की सहयोगी कंपनी है। हाल ही में एल्युमीनियम के दामों में आई भारी गिरावट के चलते कंपनी के मुनाफे में कमी आई है। दुनिया भर में जारी वित्तीय संकट के चलते एल्युमीनियम की मांग में भी कमी आई है। इसके चलते कंपनी के लाभ मार्जिन पर लगातार दबाव बढ़ता जा रहा है। इन परिस्थितियों को देखते हुए कंपनी को यह फंड बनाने की जरूरत पड़ी है। (Business Bhaskar)
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें