नई दिल्ली। पहली अक्टूबर 2025 से शुरू हुए फसल सीजन 2025-26 के दौरान देश में कॉटन का उत्पादन 309.50 लाख गांठ, एक गांठ 170 किलो होने का अनुमान है, जोकि पहले के अनुमान से 4.50 लाख गांठ ज्यादा है। इस दौरान कॉटन का आयात बढ़कर 50 लाख गांठ होने का अनुमान है।
कॉटन एसोसिएशन ऑफ इंडिया, सीएआई के अनुसार चालू फसल सीजन 2025-26 में देश में 309.50 लाख गांठ कॉटन के उत्पादन का अनुमान है, तथा इससे पहले के अनुमान में 4.50 लाख गांठ की बढ़ोतरी की उम्मीद है। प्रमुख उत्पादन राज्य गुजरात में आरंभिक उत्पादन में 3 लाख गांठ, महाराष्ट्र में 3 लाख गांठ तथा कर्नाटक में एक लाख गांठ की बढ़ोतरी का अनुमान है जबकि तेलंगाना में पहले के अनुमान में 2.50 लाख गांठ की कमी आने का अनुमान है।
सीएआई के अनुसार चालू फसल सीजन 2025-26 में उत्तर भारत के राज्यों में कॉटन का कुल उत्पादन 30.50 लाख गांठ होने का अनुमान है। इसमें पंजाब की हिस्सेदारी 2 लाख गांठ, हरियाणा की 7 लाख गांठ के अलावा अपर राजस्थान में 12.50 लाख गांठ के अलावा लोअर राजस्थान में 9 लाख गांठ कॉटन के उत्पादन का अनुमान है।
मध्य भारत के राज्यों में कॉटन का उत्पादन 185 लाख गांठ होने का अनुमान है। इसमें गुजरात की हिस्सेदारी 75 लाख गांठ तथा महाराष्ट्र की 91 लाख गांठ के अलावा मध्य प्रदेश की 19 लाख गांठ है।
दक्षिण भारत के राज्यों में चालू फसल सीजन में 88 लाख गांठ कॉटन के उत्पादन का अनुमान है। इसमें तेलंगाना की हिस्सेदारी 40.50 लाख गांठ, आंध्रप्रदेश 17 लाख गांठ के अलावा कर्नाटक 26 लाख गांठ तथा तमिलनाडु में 4.50 लाख गांठ कॉटन के उत्पादन का अनुमान है।
अन्य राज्यों में ओडिशा में चालू सीजन में 4 लाख गांठ तथा अन्य राज्यों में 2 लाख गांठ के उत्पादन का अनुमान है।
एसएआई के अनुसार चालू फसल सीजन में 50 लाख गांठ कॉटन के आयात का अनुमान है, जोकि पिछले साल के 41 लाख गांठ से 9 लाख गांठ ज्यादा है। चालू फसल सीजन के पहले दो महीनों में नवंबर अंत तक 18 लाख गांठ आयातित कॉटन भारतीय बंदरगाह पर पहुंच चुकी है।
चालू फसल सीजन 2025-26 के दौरान देश से 18 लाख गांठ कॉटन के निर्यात का अनुमान है, जोकि पिछले साल के लगभग बराबर ही है। चालू फसल सीजन के पहले दो महीनों में नवंबर अंत देश से 3 लाख गांठ कॉटन का निर्यात हो चुका है।
एसएआई के अनुसार चालू फसल सीजन के आरंभ में 60.59 लाख गांठ का बकाया स्टॉक बचा हुआ था जबकि 309.50 लाख गांठ का उत्पादन होने की उम्मीद है। इस दौरान 50 लाख गांठ आयातित कॉटन आयेगी। अत: घरेलू बाजार में कॉटन की कुल उपलब्धता 420.09 लाख गांठ की बैठेगी।
चालू फसल सीजन में कॉटन की कुल खपत 295 लाख गांठ की होने का अनुमान है, इसके अलावा 18 लाख गांठ का निर्यात हो जायेगा। अत: क्लोजिंग स्टॉक 107.09 लाख गांठ का बैठेगा।
चालू फसल सीजन में नवंबर अंत तक 69.78 लाख गांठ की आवक उत्पादक मंडियों में हो चुकी है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें