नई दिल्ली। हरियाणा के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस बार सरसों की खरीद 21 मार्च से ही आरंभ कर दी जाए, क्योंकि आवक शुरू हो गई है। पहले यह खरीद 28 मार्च से शुरू होती थी। हालांकि उत्पादक मंडियों में सरसों के दाम न्यूनतम समर्थन मूल्य, एमएसपी 5,050 रुपये प्रति क्विंटल से ज्यादा है इसलिए किसान सरकारी खरीद केंद्रों के बजाए मंडियों में निजी व्यापारियों को सरसों बेचेंगे।
उन्होंने गेहूं, चना व जौ की खरीद एक अप्रैल से आरंभ करने के निर्देश दिए। उन्होंने रबी-2022 की फसलों को लेकर की जा रही तैयारियों की समीक्षा की। अधिकारियों को निर्देश दिए देते हुए उन्होंने कहा कि 21 मार्च से सरसों व एक अप्रैल से गेहूं, चना व जौ आदि रबी फसलों की खरीद के लिए व्यापक तैयारियां कर लें ताकि किसानों को अपनी फसल की बिक्री में कोई परेशानी न हो। उन्होंने सभी उपायुक्तों को भी निर्देश दिए कि वे खरीदी गई फसल का समय पर उठान सुनिश्चित करने के लिए 21 मार्च तक ट्रांसपोर्ट का प्रबंध कर रिपोर्ट भेजें।
उपमुख्यमंत्री ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि 'मेरी फसल मेरा ब्यौरा' पोर्टल पर अपलोड किए गए फसलों के ब्यौरा के अनुसार किसानों के बैंक खातों को अपडेट करके फसल की राशि सीधा उनके खाते में भिजवाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने मंडियों में किसानों के लिए पेयजल व अन्य सुविधाओं को भी अप-टू-डेट करने के निर्देश दिए।
राज्य में सरसों की खरीद 92 मंडियों में की जाएगी, जबकि गेंहू के लिए 397 मंडियां, चना के लिए 11 मंडियां तथा जौ की खरीद के लिए 25 मंडियों से की जायेगी। इन फसलों में सरसों को 5,050 रुपये प्रति क्विंटल, गेंहू को 2,015 रुपये प्रति क्विंटल, चना को 5,230 रुपये प्रति क्विंटल तथा जौ को 1,635 रुपये प्रति क्विंटल के न्यूनतम समर्थन मूल्य, एमएसपी पर विभिन्न खरीद एजेसिंयों द्वारा खरीदा जाएगा। उन्होंने बताया कि गेहूं की खरीद खाद्य, आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग, हैफेड, हरियाणा राज्य भंडारण निगम व भारतीय खाद्य निगम, एफसीआई द्वारा की जाएगी। इसके अलावा, चना की खरीद हैफेड, सरसों की खरीद हैफेड व हरियाणा राज्य भंडारण निगम तथा जौ की खरीद खाद्य, आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग, हैफेड एवं हरियाणा राज्य भंडारण निगम एजेंसी द्वारा की जाएगी।
Daily update All Commodity news like : Wheat, Rice, Maize, Guar, Sugar, Gur, Pulses, Spices, Mentha Oil & Oil Complex (Musterd seed & Oil, soyabeen seed & Oil, Groundnet seed & Oil, Pam Oil etc.)
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें