Daily update All Commodity news like : Wheat, Rice, Maize, Guar, Sugar, Gur, Pulses, Spices, Mentha Oil & Oil Complex (Musterd seed & Oil, soyabeen seed & Oil, Groundnet seed & Oil, Pam Oil etc.)
26 मार्च 2014
प्रतिकूल मौसम से गेहूं की सरकारी खरीद 11%घटने की संभावना
आर एस राणा : नई दिल्ली... | Mar 26, 2014, 03:13AM IST
स्पर्धा संभव : निर्यातक, फ्लोर मिलें व स्टॉकिस्ट खरीदेंगे ज्यादा गेहूं
चालू रबी विपणन सीजन 2014-15 में गेहूं की सरकारी खरीद तय लक्ष्य से 11.2 फीसदी घटकर 270-275 लाख टन ही होने की आशंका है। असमय की बारिश से गेहूं की फसल को नुकसान हुआ है, साथ ही रोलर फ्लोर मिलर्स, निर्यातकों और स्टॉकिस्टों द्वारा गेहूं की ज्यादा खरीद किए जाने की संभावना है।
खाद्य मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बिजनेस भास्कर को बताया कि चालू रबी विपणन सीजन 2014-15 में गेहूं की न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीद तय लक्ष्य 310 लाख टन से घटकर 270-275 लाख टन ही रहने का अनुमान है। पिछले रबी विपणन सीजन में एमएसपी पर 250.84 लाख टन गेहूं की खरीद हुई थी। विश्व बाजार में गेहूं के दाम बढऩे से निर्यातकों की खरीद भी इस साल बढ़ेगी।
स्टॉकिस्टों के साथ ही रोलर फ्लोर मिलर्स की भी खरीद में इस बार ज्यादा भागीदारी रहेगी। वैसे भी उत्पादक क्षेत्रों में मौसम खराब होने से गेहूं की फसल को नुकसान हुआ है, साथ ही अप्रैल में भी मौसम विभाग ने मौसम प्रतिकूल रहने की ही भविष्यवाणी की है, जिससे गेहूं की नई फसल की क्वालिटी प्रभावित होने की आशंका है।
उन्होंने बताया कि भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) ने मध्य प्रदेश में गेहूं की सरकारी खरीद शुरू कर दी है तथा अन्य राज्यों पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश से सरकारी खरीद पहली अप्रैल से शुरू हो जायेगी, लेकिन खराब मौसम से नई फसल की आवक में देरी होगी, जिससे सरकारी खरीद में भी देरी होने के आसार हैं।
पंजाब से गेहूं की खरीद का लक्ष्य 110 लाख टन, मध्य प्रदेश से 80 लाख टन, हरियाणा से 65 लाख टन, उत्तर प्रदेश से 30 लाख टन, राजस्थान से 18 लाख टन, गुजरात से 1.50 लाख टन, उत्तराखंड से 1.60 लाख टन, महाराष्ट्र से 0.17 लाख टन, पश्चिमी बंगाल से 0.20 लाख टन और अन्य राज्यों से 3.53 लाख टन का है। गेहूं की खरीद के लिए देशभर में 12,076 खरीद केंद्र खोले जायेंगे।
चालू रबी विपणन सीजन 2014-15 के लिए केंद्र सरकार ने गेहूं के एमएसपी में 50 रुपये की बढ़ोतरी कर भाव 1,400 रुपये प्रति क्विंटल तय किया है। कृषि मंत्रालय के दूसरे आरंभिक अनुमान के अनुसार वर्ष 2013-14 में गेहूं की रिकॉर्ड पैदावार 956 लाख टन होने का अनुमान है लेकिन प्रतिकूल मौसम से उत्पादन अनुमान से कम होने की आशंका है।
केंद्रीय पूल में पहली मार्च को 397.22 लाख टन खाद्यान्न का स्टॉक मौजूद है। कुल खाद्यान्न के स्टॉक में 208.39 लाख टन गेहूं और 188.83 लाख टन चावल मौजूद है। (Business Bhaskar....R S Rana)
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें