Daily update All Commodity news like : Wheat, Rice, Maize, Guar, Sugar, Gur, Pulses, Spices, Mentha Oil & Oil Complex (Musterd seed & Oil, soyabeen seed & Oil, Groundnet seed & Oil, Pam Oil etc.)
28 फ़रवरी 2014
नए सीजन में 310 लाख टन गेहूं खरीद होगी
आर एस राणा : नई दिल्ली... | Feb 28,
एफसीआई सरकारी खरीद के लिए 12,076 केंद्र खोलेगी
रबी विपणन सीजन 2014-15 में गेहूं की न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीद करने के लिए भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) देशभर में 12,076 खरीद केंद्र खोलेगी। सबसे ज्यादा खरीद केंद्र उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में क्रमश: 6,025 और 3,000 हैं। खाद्य मंत्रालय ने अप्रैल से शुरू होने वाले रबी विपणन सीजन के लिए 310 लाख टन गेहूं की खरीद का लक्ष्य किया है।
खाद्य मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बिजनेस भास्कर को बताया कि रबी विपणन सीजन 2014-15 में गेहूं की एमएसपी पर खरीद के लिए देशभर में 12,076 खरीद केंद्र खोलने की योजना है।
सबसे ज्यादा खरीद केंद्र उत्तर प्रदेश में 6,025 खोले जायेंगे। इसके अलावा मध्य प्रदेश में गेहूं की सरकारी खरीद के लिए 3,000, पंजाब में 1,793, हरियाणा में 372, राजस्थान में 370, गुजरात में 220 और उत्तराखंड में 203 खरीद केंद्र खोले जायेंगे। अन्य राज्यों में उत्तराखंड में 68 और पश्चिमी बंगाल में 25 खरीद केंद्र खोले जायेंगे।
उन्होंने बताया कि प्रमुख उत्पादक राज्यों की मांग के आधार पर नए रबी विपणन सीजन में 310 लाख टन गेहूं की सरकारी खरीद का लक्ष्य किया गया है जबकि पिछले रबी विपणन सीजन में एमएसपी पर 250.84 लाख टन गेहूं की खरीद हुई थी।
मध्य प्रदेश से गेहूं की सरकारी खरीद 15 मार्च से और अन्य राज्यों पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान आदि से खरीद पहली अप्रैल से शुरू की जायेगी।
उन्होंने बताया कि पंजाब से गेहूं की खरीद का लक्ष्य 110 लाख टन, मध्य प्रदेश से 80 लाख टन, हरियाणा से 65 लाख टन, उत्तर प्रदेश से 30 लाख टन, राजस्थान से 18 लाख टन, गुजरात से 1.50 लाख टन, उत्तराखंड से 1.60 लाख टन, महाराष्ट्र से 0.17 लाख टन, पश्चिमी बंगाल से 0.20 लाख टन और अन्य राज्यों से 3.53 लाख टन गेहूं खरीद का लक्ष्य तय किया है।
चालू रबी विपणन सीजन 2014-15 के लिए केंद्र सरकार ने गेहूं के एमएसपी में 50 रुपये की बढ़ोतरी कर भाव 1,400 रुपये प्रति क्विंटल तय किया है।
कृषि मंत्रालय के दूसरे आरंभिक अनुमान के अनुसार वर्ष 2013-14 में गेहूं की रिकॉर्ड पैदावार 956 लाख टन होने का अनुमान है जबकि वर्ष 2012-13 में 935.1 लाख टन गेहूं की पैदावार हुई थी। केंद्रीय पूल में पहली फरवरी को 411.38 लाख टन खाद्यान्न का स्टॉक मौजूद है।
खाद्यान्न के कुल स्टॉक में 242 लाख टन गेहूं और 169.38 लाख टन चावल की हिस्सेदारी है। केंद्रीय पूल में खाद्यान्न का स्टॉक तय मानकों बफर के मुकाबले ज्यादा ही है। (Business Bhaskar.....R S Rana)
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें