Daily update All Commodity news like : Wheat, Rice, Maize, Guar, Sugar, Gur, Pulses, Spices, Mentha Oil & Oil Complex (Musterd seed & Oil, soyabeen seed & Oil, Groundnet seed & Oil, Pam Oil etc.)
25 अप्रैल 2013
कमजोर मांग से गुड़ में और गिरावट की संभावना
चीनी मिलें बंद होने से कोल्हुओं को मिल रहा है ज्यादा गन्ना, उत्पादन बढऩे का अनुमान
प्रमुख उत्पादक मंडी मुजफ्फरनगर में गुड़ का स्टॉक पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले करीब 2.80 लाख कट्टे (एक कट्टा-40 किलो) कम है लेकिन प्रमुख खपत राज्यों हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और गुजरात की मांग कम हो गई है जबकि चीनी मिलें बंद होने से कोल्हू संचालकों को गन्ना ज्यादा मिल रहा है। इसलिए आगामी दिनों में गुड़ की मौजूदा कीमतों में और गिरावट की संभावना है।
फेडरेशन ऑफ गुड़ ट्रेडर्स के अध्यक्ष अरुण खंडेलवाल ने बताया कि गुड़ में खपत कम हो गई है। मंडी में गुड़ की दैनिक आवक 10,000 से 12,000 मन की बनी हुई है जबकि इस समय केवल तीन चीनी मिलें शामली, मोरना और देवबंद ही चल रही है जबकि गन्ना अभी बचा हुआ है।
ऐसे में मई के दूसरे पखवाड़े तक गुड़ की दैनिक आवक बनी रह सकती है जिससे गुड़ की कीमतों पर दबाव बना हुआ है। उन्होंने बताया कि चालू पेराई सीजन में मुजफ्फरनगर मंडी में अभी तक गुड़ का कुल स्टॉक 10.50 लाख कट्टों का ही हुआ है जो पिछले साल के मुकाबले 2.80 लाख कट्टे कम है। देशराज राजेंद्र कुमार के प्रबंधक देशराज ने बताया कि चीनी के दाम नीचे होने के कारण गुड़ में तेजी नहीं आ रही है। महाराष्ट्र में चीनी के दाम गुड़ से भी नीचे बने हुए हैं।
गुड़ में मई-जून में गुजरात की थोड़ी मांग रहेगी लेकिन मुजफ्फरनगर मंडी में इसकी आवक बराबर बनी रहने से स्टॉक में ज्यादा गुड़ जायेगा। दिल्ली में गुड़ चाकू का भाव बुधवार को 2,950-3,050 रुपये और गुड़ पेड़ी का भाव 3,000-3,100 रुपये प्रति क्विंटल रह गए तथा चालू महीने में इसके दाम करीब 100 रुपये प्रति क्विंटल तक घट चुके है।
गुड़ के थोक कारोबारी हरिशंकर मुंदड़ा ने बताया कि बुधवार को मुजफ्फरनगर मंडी में गुड़ की आवक 10,000 मन की हुई। पिछले साल गुड़ स्टॉकिस्टों को भारी घाटा हुआ था, जिसकी वजह से इस बार स्टॉकिस्टों की खरीद कम है।
मुजफ्फरनगर मंडी में बुधवार को गुड़ चाकू का भाव 1,080 से 1,190 रुपये, खुरपापाड़ का भाव 1,040 से 1,050 रुपये और लड्डू गुड़ का भाव 1,080 से 1,120 रुपये प्रति 40 किलो रह गया। चालू महीने में इसकी कीमतों में करीब 50 से 60 रुपये प्रति किलो की गिरावट आ चुकी है।
एनसीडीईएक्स पर जुलाई महीने के वायदा अनुबंध में पिछले दस दिनों में गुड़ की कीमतों में 3.1 फीसदी की गिरावट आई है। 23 अगस्त को जुलाई महीने के वायदा अनुबंध में गुड़ का भाव घटकर 1,305 रुपये प्रति 40 किलो रह गया जबकि 13 अगस्त को इसका भाव 1,347 रुपये प्रति 40 किलो था। (Business Bhaskar.....R S Rana)
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें