Daily update All Commodity news like : Wheat, Rice, Maize, Guar, Sugar, Gur, Pulses, Spices, Mentha Oil & Oil Complex (Musterd seed & Oil, soyabeen seed & Oil, Groundnet seed & Oil, Pam Oil etc.)
26 मार्च 2013
और घट सकते हैं केस्टर सीड के भाव
अप्रैल मध्य तक उत्पादक मंडियों में दैनिक आवक बढऩे से केस्टर सीड की मौजूदा कीमतों में और भी 8-10 फीसदी की गिरावट आने की संभावना है। सोमवार को मेहसाणा में केस्टर सीड का भाव घटकर 3,450 से 3,500 रुपये प्रति क्विंटल रह गया। हालांकि जनवरी के मुकाबले फरवरी में केस्टर तेल का निर्यात बढ़ा है तथा मार्च-अप्रैल में भी निर्यात बढऩे का अनुमान है।
एस सी केमिकल के मैनेजिंग डायरेक्टर कुशल राज पारिख ने बताया कि चालू सीजन में केस्टर सीड की पैदावार में तो कमी आई है लेकिन उत्पादक मंडियों में बकाया स्टॉक पिछले साल से ज्यादा है। प्रमुख उत्पादक राज्यों गुजरात और राजस्थान की उत्पादक मंडियों में अप्रैल-मई में केस्टर सीड की दैनिक आवकें बढ़ जायेगी जिससे मौजूदा कीमतों में 250 से 300 रुपये प्रति क्विंटल की और गिरावट आने की संभावना है।
उन्होंने बताया कि फरवरी महीने में केस्टर तेल का निर्यात बढ़ा है तथा वर्तमान में हो रहे सौदों को देखते हुए मार्च-अप्रैल में भी निर्यात बढऩे का अनुमान है। केस्टर तेल के निर्यात सौदे 1,225 डॉलर प्रति टन की दर से हो रहे हैं तथा महीने भर में इसमें करीब 25 डॉलर प्रति टन की गिरावट आई है।
साल्वेंट एक्सट्रेक्टर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एसईए) के अनुसार फरवरी महीने में केस्टर तेल का निर्यात बढ़कर 50,355 टन का हुआ है जबकि जनवरी महीने में 20,909 टन का ही निर्यात हुआ था। चालू वित्त वर्ष 2012-13 के पहले 11 महीनों (अप्रैल से फरवरी) के दौरान 3.91 लाख टन केस्टर तेल का निर्यात हुआ है जबकि वित्त वर्ष 2011-12 के दौरान कुल निर्यात 4.04 लाख टन का हुआ था।
एसईए के अनुसार केस्टर सीड का उत्पादन चालू फसल सीजन 2012-13 में 27 फीसदी घटकर 11.43 लाख टन होने का अनुमान है जबकि वर्ष 2011-12 में 15.76 लाख टन का उत्पादन हुआ था।
केस्टर सीड के थोक कारोबारी रौनक भाई ने बताया कि चालू सीजन में केस्टर सीड की पैदावार तो घटी है लेकिन नई फसल की आवक के समय उत्पादक राज्यों में करीब 4.5 से 5 लाख टन का स्टॉक बचा हुआ था।
होली के त्यौहारी की वजह से सप्ताहभर तक दैनिक आवक कम रहेगी जिससे मौजूदा कीमतों में थोड़ा सुधार आ सकता है लेकिन मध्य अप्रैल से आवकें बढ़कर एक लाख बोरी (एक बोरी-75 किलो) हो जायेगी जिससे कीमतों में और गिरावट आने की संभावना है। उत्पादक मंडियों में केस्टर सीड का भाव 695 से 700 रुपये प्रति 20 किलो और केस्टर तेल का भाव 740 रुपये प्रति दस किलो चल रहा है।
एनसीडीईएक्स पर अप्रैल महीने के वायदा अनुबंध में चालू महीने में 5.9 फीसदी की गिरावट आई है। पहली मार्च को अप्रैल महीने के वायदा अनुबंध में केस्टर सीड का भाव 3,861 रुपये प्रति क्विंटल था जबकि सोमवार को भाव घटकर 3,630 रुपये प्रति क्विंटल रह गया। (Business Bhaskar....R S Rana)
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें