Daily update All Commodity news like : Wheat, Rice, Maize, Guar, Sugar, Gur, Pulses, Spices, Mentha Oil & Oil Complex (Musterd seed & Oil, soyabeen seed & Oil, Groundnet seed & Oil, Pam Oil etc.)
19 जनवरी 2013
मोटे अनाज और तिलहनों का उत्पादन बढऩे के आसार
294.98 लाख हैक्टेयर पर गेहूं का रकबा अभी भी पिछले साल से कम
85.37 लाख हैक्टेयर में हुई है तिलहनों की बुवाई, समान अवधि का पिछला रकबा 83.51 लाख हैक्टेयर
60.55 लाख हैक्टेयर हो गया है मोटे अनाजों का रकबा 58.37 लाख हैक्टेयर से बढ़कर
चालू रबी में मोटे अनाजों के साथ ही तिलहनों की पैदावार बढऩे का अनुमान है। कृषि मंत्रालय के अनुसार चालू सीजन में देशभर में रबी फसलों की कुल बुवाई बढ़कर 592.02 लाख हैक्टेयर में हो चुकी है जबकि पिछले साल की समान अवधि में 591.56 लाख हैक्टेयर में हुई थी।
चालू रबी में तिलहनों की बुवाई बढ़कर 85.37 लाख हैक्टेयर में हो चुकी है जबकि पिछले साल इस समय तक देशभर में 83.51 लाख हैक्टेयर में तिलहनों की बुवाई हुई थी।
रबी तिलहनों की प्रमुख फसल सरसों की बुवाई चालू रबी में बढ़कर 67.04 लाख हैक्टेयर में हो चुकी है जबकि पिछले साल इस समय तक 65.23 लाख हैक्टेयर में सरसों की बुवाई हुई थी। इसी तरह से मूंगफली की बुवाई चालू रबी सीजन में बढ़कर 7.64 लाख हैक्टेयर में हो चुकी है जबकि पिछले साल की समान अवधि में 6.71 लाख हैक्टेयर में मूंगफली की बुवाई हुई थी।
मोटे अनाजों की बुवाई चालू रबी में अभी तक 60.55 लाख हैक्टेयर में हो चुकी है। पिछले साल इस समय तक देशभर में 58.37 लाख हैक्टेयर में मोटे अनाजों की बुवाई हुई थी।
मोटे अनाजों में ज्वार की बुवाई पिछले साल के 37.56 लाख हैक्टेयर से बढ़कर 38.67 लाख हैक्टेयर में हो चुकी है जबकि मक्का की बुवाई भी पिछले साल के 12.20 लाख हैक्टेयर से बढ़कर 13.20 लाख हैक्टेयर में हो चुकी है।
चालू रबी में गेहूं की बुवाई 294.98 लाख हैक्टेयर में हुई है जबकि पिछले साल इस समय तक 295.93 लाख हैक्टेयर में गेहूं की बुवाई हुई थी। धान की रोपाई चालू रबी में अभी तक 8.79 लाख हैक्टेयर हो पाई है जबकि पिछले साल इस समय तक 10.49 लाख हैक्टेयर में रोपाई हो चुकी थी। दलहनी फसलों की बुवाई सामान्य क्षेत्रफल से ज्यादा हुई है।
अभी तक 142.33 लाख हैक्टेयर में दालों की बुवाई हो चुकी है जबकि रबी में सामान्यत: 128.71 लाख हैक्टेयर में दलहन की बुवाई होती है। ऐसे में दालों का उत्पादन चालू रबी में बढऩे का अनुमान है। रबी दलहन की प्रमुख फसल चने की बुवाई बढ़कर 91.90 लाख हैक्टेयर में हो चुकी है।
बारिश से फसलों को फायदा, ओलों से नुकसान
नई दिल्ली - उत्तर भारत के पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के कई जिलों में शुक्रवार को हुई बारिश से रबी फसलों को फायदा हुआ है।
हालांकि हरियाणा और उत्तर प्रदेश के कई जिलों में ओले पडऩे से सरसों और चने की फसल को नुकसान की भी आशंका है। हरियाणा के अंबाला, हिसार, करनाल, नारनौल और रोहतक में 11.4 से 28.4 मिलीमीटर की वर्षा हुई। उधर पंजाब के लुधियाना, पटियाला और अमृतसर में हुई बारिश से गेहूं की फसल को फायदा हुआ है।
राजस्थान के जोधपुर, चूरू, अजमेर, बिकानेर और श्रीगंगानगर में 9 से 32 मिलीमीटर वर्षा हुई। हरियाणा के सोनीपत और झज्जर तथा उत्तर प्रदेश के मेरठ, गाजियाबाद और मुजफ्फरनगर में हुई ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान की आशंका है। (Business Bhaskar)
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें