Daily update All Commodity news like : Wheat, Rice, Maize, Guar, Sugar, Gur, Pulses, Spices, Mentha Oil & Oil Complex (Musterd seed & Oil, soyabeen seed & Oil, Groundnet seed & Oil, Pam Oil etc.)
25 दिसंबर 2012
क्रिसमस पूर्व बर्फबारी से सेब की अच्छी पैदावार के आसार
हिमाचल प्रदेश व कश्मीर के सेब उत्पादक क्षेत्रों में हुई ताजा बर्फबारी से उत्पादकों को आगामी सीजन में उत्पादन बढऩे की उम्मीद है। उनका मानना है कि जल्द बर्फबारी शुरू होने से सेब के बगीचों को फायदा मिलेगा। हर बार क्रिसमस के बाद बर्फबारी शुरू होती है लेकिन इस साल पहले ही बर्फबारी शुरू होने से लंबे समय तक मौसम ठंडा रहने की उम्मीद है। अगले एक-डेढ़ माह में दो-चार बार और बर्फ गिरने से सेब के पेड़ों के लिए फायदा मिलेगा। इससे इस साल सीजन में सेब का उत्पादन बढऩे की संभावना है।
हिमाचल प्रदेश सेब उत्पादक संघ के अध्यक्ष रविन्द्र सिंह ने बताया कि दिसंबर के मध्य में ही बर्फबारी से इस साल सेब के बगीचों को लाभ पहुंचने की संभावना बढ़ गई है। 60 से 80 सेंटीमीटर तक की बर्फबारी दो-चार बार और होने पर सेब के पेड़ों को काफी फायदा होगा। इससे वर्ष 2013 के सीजन में सेब का उत्पादन बढऩे की उम्मीद है।
फिलहाल बगीचों में सेब के पेड़ सुसुप्तावस्था (डंठल के रूप) में हैं। बर्फबारी से इनकी जड़ों में पानी की मात्रा बढ़ेगी, जिससे लंबे समय तक नमी रहेगी। यह सेब के बेहतर उत्पादन के लिए आवश्यक होती है।
कश्मीर स्थित सेब के थोक व्यापारी फारुख अहमद भट के मुताबिक दिसंबर मध्य में ही बर्फबारी से सेब का उत्पादन बढऩे की उम्मीद बढ़ गई है। पेड़ों में मार्च के दौरान आने वाली पत्तियों व अप्रैल में आने वाले फूलों के लिए बर्फबारी फायदेमंद साबित होगी। जड़ों में नमी से अच्छे फूल आएंगे, जिससे सेब उत्पादन भी अधिक होगा।
आजादपुर मंडी में सेब के थोक कारोबारी आनंद सैनी ने बताया कि मंडी में स्टोर्ड सेब का भाव पिछले एक माह में बढ़ गए हैं। फिलहाल सेब का भाव 600 रुपये से 1,200 रुपये प्रति पेटी (12 से 16 किलो प्रति पेटी) के स्तर पर हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश व कश्मीर में बर्फबारी से इस साल उत्पादन बढऩे की उम्मीद दिखाई दे रही है।
इससे भाव स्थिर रह सकते हैं। वहीं, जनवरी में न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया से भी स्थानीय मंडियों में सेब की आवक शुरू हो जाएगी। जिससे भावों में स्थिरता रहने की संभावना है। (Business Bhaskar)
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें