Daily update All Commodity news like : Wheat, Rice, Maize, Guar, Sugar, Gur, Pulses, Spices, Mentha Oil & Oil Complex (Musterd seed & Oil, soyabeen seed & Oil, Groundnet seed & Oil, Pam Oil etc.)
18 दिसंबर 2012
देशभर में 36 और कृषि विज्ञान केंद्र खुलेंगे
आर एस राणा नई दिल्ली
भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) ने देश के विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में 36 नए कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके) खोलने की योजना बनाई है। पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और मध्य प्रदेश के अलावा अन्य राज्यों में नए कृषि विज्ञान केंद्र खोले जाएंगे।
आईसीएआर के उप महानिदेशक (कृषि विस्तार) डॉ. के. डी. कोकाटे ने बिजनेस भास्कर को बताया कि 12वीं पंचवर्षीय योजना में 36 नए कृषि विज्ञान केंद्र खोले जाएंगे। इसके अलावा नए जनपदों में भी कृषि विज्ञान केंद्र खोलने की योजना है। कृषि विज्ञान केंद्र खोलने के लिए 50 एकड़ जमीन की आवश्यकता होती है जिसका स्वामित्व पंचायत या सहकारी संस्था के पास होना जरूरी है। किसानों को जानकारी देने के लिए एक कृषि विज्ञान केंद्र में 16 कर्मचारी नियुक्त होंगे।
उन्होंने बताया कि 12वीं पंचवर्षीय योजना का पहला कृषि विज्ञान केंद्र हाल ही में कर्नाटक के कोलार जिले में खोला गया है। कोलार में खोला गया केवीके किसानों को अद्र्ध-शुष्क क्षेत्र में तकनीकी, वैज्ञानिक और जलवायु अनुरूप कृषि को बढ़ावा देने के लिए आवश्यकता सहायता प्रदान करेगा। कोलार के नए केवीके को मिलाकर किसानों को कृषि प्रौद्योगिकी के मूल्यांकन, उनके परिशोधन और प्रदर्शन के लिए देशभर में 631 कृषि विज्ञान केंद्र हो गए हैं।
डॉ. कोकाटे ने बताया कि नए खोले जाने वाले कृषि विज्ञान केंद्रों में ज्यादातर जिलों में स्थान का चयन कर लिया गया है। पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश, असम, आंध्र प्रदेश और देश के अन्य राज्यों में नए कृषि विज्ञान खोले जाएंगे।
कृषि विज्ञान केंद्र किसानों को प्रशिक्षण देने के साथ ही अपने विस्तार कार्यक्रमों के जरिए उन्हें नवीनतम कृषि प्रौद्योगिकी के बारे में जानकारी देते हैं। इनके जरिये किसानों तक कृषि की नई तकनीकों की जानकारी पहुंचाई जाती है और उनका मूल्यांकन कर किसानों को प्रशिक्षण दिया जाता है।
सबसे पहला कृषि विज्ञान केंद्र 1974 में पुडुचेरी में खोला गया था। कृषि विज्ञान केंद्रों की मदद से किसानों को फसल की नई तकनीक, बीज, खाद, कीटनाशक, मिट्टी की जांच और पानी आदि की जानकारियां दी जाती हैं।
उन्होंने बताया कि सबसे ज्यादा कृषि विज्ञान केंद्र उत्तर प्रदेश में 68, मध्य प्रदेश में 47, महाराष्ट्र में 44, बिहार में 38, राजस्थान में 42, आंध्र प्रदेश में 34, ओडिशा में 33, कर्नाटक और तमिलनाडु में क्रमश: 30-30, गुजरात में 28, झारखंड में 22, असम में 22, पंजाब में 20, हरियाणा में 18, पश्चिम बंगाल में 17, जम्मू और कश्मीर में 16, केरल में 14, अरुणाचल प्रदेश और उत्तराखंड में क्रमश: 13-13 और हिमाचल प्रदेश में 12 हैं। इसके अलावा मणिपुर और नगालैंड में क्रमश: 9-9, मिजोरम में 8 तथा दिल्ली और लक्ष्यद्वीप में एक-एक कृषि विज्ञान केंद्र कार्यरत है। (Business Bhaskar....R S Rana)
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें