Daily update All Commodity news like : Wheat, Rice, Maize, Guar, Sugar, Gur, Pulses, Spices, Mentha Oil & Oil Complex (Musterd seed & Oil, soyabeen seed & Oil, Groundnet seed & Oil, Pam Oil etc.)
12 नवंबर 2012
धनतेरस पर सोने की बिक्री 30 फीसदी बढ़ी
सोने के दाम ऊंचे होने के बावजूद रविवार को धनतेरस के शुभ अवसर पर सोने की बिक्री में 30 प्रतिशत तक उछाल दर्ज किया गया.
शादी ब्याह के लिये आभूषण खरीदने वाले ग्राहकों ने भी धनतेरस के मौके पर ही खरीदारी करना बेहतर समझा और वह सराफा बाजार की तरफ खिंचे चले गये.
सोने के दाम इस समय राष्ट्रीय राजधानी में 32,000 रुपये प्रति 10 ग्राम और मुंबई में 32,100 रुपये प्रति दस ग्राम बोले जा रहे हैं.
पी.सी. ज्वैलर्स के प्रबंध निदेशक बलराम गर्ग ने कहा ‘हमें उम्मीद नहीं थी, लेकिन बिक्री काफी अच्छी रही. हमें केवल पिछले धनतेरस की तुलना में अच्छी बिक्री की उम्मीद थी.’
एक अन्य ज्वैलर्स पी.पी. ज्वैलर्स के निदेशक पवन गुप्ता ने कहा ‘खरीदारी की भारी भीड़ से स्पष्ट है कि सोने के ऊंचे दाम का मांग पर कोई असर नहीं है. हमें 25 से 30 प्रतिशत वृद्धि की उम्मीद है.’ धनतेरस के दिन सोने और चांदी जैसी कीमती धातुओं की खरीदारी को शुभ माना जाता है.
राजधानी के चांदनी चौक स्थित ज्वैलर्स के अनुसार ज्यादा मांग सोने के जेवरातों की रही. सोने और चांदी के सिक्कों के मुकाबले शादी ब्याह के लिये आभूषण के खरीदार ज्यादा रहे.
राजधानी के कुछ आभूषण विक्रेताओं ने यह भी कहा कि पिछले साल के मुकाबले बिक्री कम रही. खरीदारी के नाम पर लोगों ने केवल कम वजन वाले सोने के सिक्के और जेवरातों की ही खरीदारी की.
देश की वाणिज्यिक राजधानी मुंबई में यूटी जावेरी खुदरा श्रंखला के मालिक कुमार जैन ने कहा ‘इस साल उम्मीद से अधिक खरीदारी हुई. हमें बिक्री कारोबार में 25 से 30 प्रतिशत वृद्धि की उम्मीद है.’
त्रिभुवनदास भीमजी जावेरी की विपणन प्रमुख किरन दीक्षित ने कहा ‘पिछले साल के मुकाबले अधिक ग्राहक पहुंचे. संकेत ऐसे हैं कि सिक्कों की तुलना में आभूषण ज्यादा बिके हैं, शादी ब्याह का समय होने से जेवरात की मांग ज्यादा रही.’ सर्राफा व्यापारियों के अनुसार कल अपराह् दो बजे तक धनतेरस का मुहुर्त है इसलिये कल भी खरीदारी जारी रहने की उम्मीद है.
सिक्के और आभूषण के रुप में सोने की खरीदारी के साथ साथ नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) में एक्सचेंज ट्रेडेड फंड (ईटीएफ) में भी रिकार्ड सौदे हुये. एनएसई में धनतेरस पर गोल्ड ईटीएफ के लिये हुये विशेष कारोबारी सत्र में 1,337 करोड़ रुपये का रिकार्ड कारोबार हुआ. पिछले वर्ष इस दिन 636 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ था.
एनएसई के अनुसार एक्सचेंज में 4,441 किलो सोने का कारोबार हुआ.
भारत दुनिया में सोने का सबसे बड़ा उपभोक्ता है. वर्ष 2012 में सोने का आयात 750 से 800 टन रहने की उम्मीद है. हालांकि, एक साल पहले यह 969 टन रहा था. (aaj Tak)
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें