Daily update All Commodity news like : Wheat, Rice, Maize, Guar, Sugar, Gur, Pulses, Spices, Mentha Oil & Oil Complex (Musterd seed & Oil, soyabeen seed & Oil, Groundnet seed & Oil, Pam Oil etc.)
04 अक्टूबर 2010
कमोडिटी ट्रैकर - सस्ती हो सकती है इलायची
चालू फसल सीजन में देश में इलायची की पैदावार करीब 13' बढऩे का अनुमान है। ऊंचे भावों में इलायची में निर्यातकों की मांग कमजोर है लेकिन त्यौहारी सीजन के कारण घरेलू मांग अच्छी बनी हुई है। ऐसे में त्यौहारी मांग कम होने के बाद इलायची की मौजूदा कीमतों में करीब आठ से दस फीसदी की गिरावट आ सकती है।प्रमुख उत्पादक राज्यों में अनुकूल मौसम से चालू फसल सीजन में देश में इलायची की पैदावार बढऩे का अनुमान है। पिछले साल देश में 12,800 टन इलायची की पैदावार हुई थी जबकि चालू सीजन में पैदावार बढ़कर 14,500 टन होने का अनुमान है। इस समय नीलामी केद्रों पर इलायची की दैनिक आवक 50 टन है। आगामी दिनों में आवक बढऩे की संभावना है। त्यौहारी सीजन के कारण आगामी एक महीने तक इलायची की मौजूदा कीमतों में गिरावट की संभावना नहीं है। लेकिन दीपावली बाद त्यौहारी मांग कम होने के बाद मौजूदा कीमतों में 100 से 150 रुपये प्रति किलो की गिरावट आ सकती है। ऊंची कीमतों के कारण इलायची में निर्यातकों की मांग भी कमजोर बनी हुई है। भारतीय मसाला बोर्ड के अनुसार चालू वित्त वर्ष के पहले पांच महीनों (अप्रैल से अगस्त) के दौरान इलायची का निर्यात 33 फीसदी घटा है। इस दौरान 200 टन का निर्यात हुआ है जबकि पिछले साल की समान अवधि में 300 टन का निर्यात हुआ था। पिछले साल ग्वाटेमाला में इलायची के उत्पादन में भारी कमी आई थी जिससे भारत से रिकार्ड निर्यात हुआ था। लेकिन चालू सीजन में ग्वाटेमाला में उत्पादन पिछले साल की तुलना में ज्यादा होने की संभावना है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में भारतीय इलायची का भाव 31.50 से 33.50 डॉलर प्रति चल रहा है। हालांकि रुपये के मुकाबले डॉलर कमजोर होने से निर्यातकों का मुनाफा कम हो गया है। उधर ग्वाटेमाला की इलायची का भाव 27 से 28 डॉलर प्रति किलो है। ग्वाटेमाला में भी चालू सीजन में इलायची की पैदावार पिछले साल के 15 हजार टन से बढ़कर 18 हजार टन होने का अनुमान है। चालू महीने में ग्वाटेमाला में नई फसल की आवक बन जाएगी तथा नवंबर-दिसंबर में आवक का दबाव बढ़ जाएगा। इसलिए भी घरेलू बाजार में इलायची की कीमतों में नरमी आने की संभावना है।मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमएसीएक्स) पर पिछले एक महीने में इलायची की कीमतों में 14.2 फीसदी का मंदा आया है। दो सितंबर को अक्टूबर महीने के वायदा अनुबंध में इलायची का भाव 1,248 रुपये प्रति किलो था, जो पहली अक्टूबर को घटकर 1,070 रुपये प्रति किलो रह गया। कोच्चि में शनिवार को 6.5 एमएम क्वालिटी की इलायची का भाव घटकर 1,040-1,050 रुपये, 7 एमएम क्वालिटी की इलायची का भाव घटकर 1,100 से 1,110 रुपये, 7.5 एमएम क्वालिटी की इलायची का भाव 1,150 से 1,160 रुपये और आठ एमएम क्वालिटी की इलायची का भाव घटकर 1,200 से 1,210 रुपये प्रति किलो रह गया। महीने भर में इसकी कीमतों में करीब 150 रुपये प्रति किलो की गिरावट आ चुका है। - आर.एस. राणा rana@businessbhaskar.netबात पते कीएमएसीएक्स में एक महीने में इलायची 14.2 फीसदी गिरी है। लेकिन त्यौहारी मांग के कारण थोड़ी तेजी नजर आ रही है। फिलहाल इलायची का वायदा भाव 1,070 रुपये प्रति किलो चल रहा है। (Business Bhaskar....aar as raana)
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें