Daily update All Commodity news like : Wheat, Rice, Maize, Guar, Sugar, Gur, Pulses, Spices, Mentha Oil & Oil Complex (Musterd seed & Oil, soyabeen seed & Oil, Groundnet seed & Oil, Pam Oil etc.)
10 सितंबर 2010
बाढ़ से बासमती में तेजी के आसार
पाकिस्तान और भारत में बाढ़ से बासमती चावल की फसल को नुकसान होने की आशंका है। इसीलिए आगामी दिनों में बासमती चावल की कीमतों में तेजी आने की संभावना है। पाकिस्तान में बाढ़ से चावल के उत्पादन में भारी गिरावट की आशंका है। जबकि भारत में यमुना नदी की बाढ़ से हरियाणा और उत्तर प्रदेश के सैंकड़ों गांव की कई हजार एकड़ भूमि में खड़ी धान की फसल पानी में डूब गई है। ऊंचाई वालों क्षेत्रों में भारी बारिश होने से यमुना, सोम और पथराला नदियों का जलस्तर बढ़ गया है जिससे हरियाणा और उत्तर प्रदेश के सैकड़ों गांव की हजारों एकड़ फसल पानी में डूब गई है। इन राज्यों के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में बासमती चावल का उत्पादन ज्यादा होता है। ऐसे में बासमती चावल की क्वालिटी के साथ ही इन राज्यों में उत्पादन में भी कमी आने की आशंका बन गई है। बाढ़ की स्थिति की समीक्षा के लिए हरियाणा की मुख्य सचिव उर्वशी गुलाटी ने गुरुवार को वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक बुलाई। जलस्तर बढऩे के कारण यमुनानगर, अम्बाला, करनाल, कुरुक्षेत्र और सोनीपत जिला प्रशासन के अधिकारियों को अलर्ट कर दिया गया है। ऑल इंडिया राइस एक्सपोर्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष विजय सेतिया ने बताया कि पाकिस्तान में बाढ़ से बासमती चावल की फसल को भारी नुकसान हुआ है। हरियाणा और उत्तर प्रदेश में बाढ़ से कितने एकड़ में बासमती धान को नुकसान हुआ है इसका पता अगले कुछ दिनों बाद ही लग पाएगा। उत्तर प्रदेश के सहारपुर, मुजफ्फरनगर, मेरठ और बागपत जिलों के यमुना नदी से सटे खेतों में कई-कई फुट पानी भर गया है जिससे धान के साथ ही अन्य फसलों को भी भारी नुकसान की आशंका है। खुरानिया एग्रो के डायरेक्टर आर खुरानिया ने बताया कि घरेलू बाजार में पुसा-1121 चावल के दाम पिछले दस-पंद्रह दिनों में 400 से 500 रुपये प्रति क्विंटल तक बढ़ चुके हैं। पुसा-1121 चावल सेला का दाम बढ़कर गुरुवार को 4,400 रुपये और स्टीम का 5,200 रुपये प्रति क्विंटल हो गया। डूप्लीकेट बासमती चावल का भाव बढ़कर 3,800 से 4,000 रुपये प्रति क्विंटल हो गया। (Business Bhaskar...aar as raana)
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें