Daily update All Commodity news like : Wheat, Rice, Maize, Guar, Sugar, Gur, Pulses, Spices, Mentha Oil & Oil Complex (Musterd seed & Oil, soyabeen seed & Oil, Groundnet seed & Oil, Pam Oil etc.)
01 जुलाई 2010
चाय निर्यात में आई तेजी
नई दिल्ली चाय उत्पादक देशों से कड़ी प्रतिस्पर्धा के बावजूद इस साल जनवरी से अप्रैल के दौरान देश का चाय निर्यात 20.28 फीसदी बढ़कर 5.99 करोड़ किलोग्राम पर पहुंच गया। चाय बोर्ड द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार भारत ने पिछले साल की समान अवधि में 4.98 करोड़ किलोग्राम चाय का निर्यात किया था। हालांकि इस दौरान निर्यात बाजार में भारतीय चाय की औसत कीमत घटकर 123.34 रुपये प्रति किलोग्राम रह गई, जो साल भर पहले 127.63 रुपये प्रति किलोग्राम थी। मूल्य के हिसाब से जनवरी-अप्रैल 2010 में निर्यात से 739.67 करोड़ रुपये प्राप्त हुए, जो पिछले साल की समान अवधि से 16.32 फीसदी अधिक है। गत वर्ष की इसी अवधि में निर्यात से 635.87 करोड़ रुपये मिले थे। यद्यपि उत्तरी भारत से निर्यात दो करोड़ 73.7 लाख किलोग्राम पर लगभग स्थिर रहा। मगर दक्षिण भारत से इसकी खेप बढ़कर तीन करोड़ 25.9 लाख किलोग्राम पर पहुंच गई, जो जनवरी-अप्रैल 2009 में दो करोड़ 25.3 लाख किलोग्राम थी। चाय बोर्ड के अध्यक्ष बासुदेव बनर्जी ने हाल ही में कहा था कि चालू वित्त वर्ष में चाय का निर्यात 5-10 फीसदी तक बढ़ सकता है, जबकि आधिकारिक अनुमान 20 करोड़ किलोग्राम निर्धारित किया गया है। यह अनुमान वर्ष 2009-10 की खेप की मात्रा के बराबर है। भारत ने 2008-09 में 19 करोड़ किलोग्राम चाय का निर्यात किया था। भारतीय चाय की सीटीसी किस्म का निर्यात मुख्य रूप से मिश्र, पाकिस्तान और ब्रिटेन को किया जाता है, जबकि इराक, ईरान और रूस को प्रीमियम आर्थोडाक्स किस्म का निर्यात होता है। सीटीसी चाय का निर्यात करने में भारत को केन्या और अन्य अफ्रीकी देशों से प्रतिस्पर्धा का सामना करना पड़ता है। जबकि आर्थोडाक्स किस्म के लिए श्रीलंका और इंडोनेशिया उसके प्रतिद्वंद्वी हैं। देश में चाय का उत्पादन वर्ष 2009 में घटकर 97.9 करोड़ किलोग्राम रह गया, जो उसके पिछले साल 98.1 करोड़ किलोग्राम था। भारत को इस साल एक अरब किलोग्राम चाय का उत्पादन करने की उम्मीद है। (प्रेस्स्नोत)
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें