Daily update All Commodity news like : Wheat, Rice, Maize, Guar, Sugar, Gur, Pulses, Spices, Mentha Oil & Oil Complex (Musterd seed & Oil, soyabeen seed & Oil, Groundnet seed & Oil, Pam Oil etc.)
09 फ़रवरी 2010
डॉलर गिरा तो क्रूड, सोना चमका
अमेरिकी डॉलर कमजोर होने से विश्व बाजार में क्रूड ऑयल, सोना और बेसमेटल्स के दाम सुधर गए। बीते सप्ताह गिरावट का रुख बना हुआ था। सोमवार को क्रूड ऑयल एक डॉलर चढ़कर 72 डॉलर प्रति बैरल के ऊपर निकल गया। उधर कमजोर डॉलर के ही चलते सोने में जबर्दस्त तेजी आई लेकिन बाद में थोड़ी गिरावट दर्ज की गई। इसका भाव 1068।10 डॉलर प्रति औंस बोला जा रहा था। लेकिन भारतीय बाजारों में सोना सुस्त रहा। लंदन में बेसमेटल्स के दाम भी सुधरते नजर आए।बेक कमोडिटीज के ब्रोकर क्रिस्टोफर बेली के अनुसार क्रूड ऑयल बाजार में सुधार दर्ज किया गया है। इसकी उम्मीद की जा रही थी। अमेरिका में मार्च डिलीवरी क्रूड ऑयल 93 सेंट बढ़कर 72.12 डॉलर प्रति बैरल हो गया। शुक्रवार इसका मूल्य 69.50 डॉलर प्रति बैरल रहा था। ब्रेंट क्रूड ऑयल 85 सेंट बढ़कर 70.44 डॉलर प्रति बैरल हो गया। अमेरिका और एटलांटिक क्षेत्र में सर्दी बढ़ने से हीटिंग ऑयल की मांग सुधरने की उम्मीद से भी क्रूड को समर्थन मिला। उधर लंदन के हाजिर बाजार में सोमवार को सोना चढ़कर 1079.85 डॉलर प्रति औंस हो गया। शुक्रवार को सोने का भाव 1065.55 डॉलर था। बाजार में तेजी आने के बाद मुनाफावसूली का दबाव बढ़ गया। इससे भाव गिरने लगे। गिरावट के बाद इसके भाव 1068.10 डॉलर प्रति औंस रहा। पिछले सप्ताह सोने में भारी गिरावट आई थी। इसके बाद निवेशकों की लिवाली आने से तेजी को समर्थन मिला। डॉलर कमजोर पड़ने से सोने की खरीद सस्ती पड़ने से भी तेजी को बल मिला। न्यूयॉर्क में सोना अप्रैल वायदा भी 19.20 डॉलर बढ़कर 1,71.40 डॉलर प्रति औंस के स्तर पर पहुंच गया था। विश्व बाजार के रुख के विपरीत सोना घरेलू बाजार में सुस्त रहा। सोमवार को सोने का भाव पांच रुपये गिरकर 16520 रुपये प्रति दस ग्राम रह गया। चांदी 100 रुपये सस्ती होकर 24500 रुपये प्रति किलो हो गई। लंदन मेटल एक्सचेंज में जिंक और कॉपर के दाम सुधर गए। जिंक में 5.8 फीसदी की तेजी दर्ज की गई। इसके दाम 2031 डॉलर प्रति टन पर पहुंच गया। तीन माह डिलीवरी कॉपर 185 डॉलर बढ़कर 6450 डॉलर प्रति टन हो गया। (बिज़नस भास्कर)
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें