Daily update All Commodity news like : Wheat, Rice, Maize, Guar, Sugar, Gur, Pulses, Spices, Mentha Oil & Oil Complex (Musterd seed & Oil, soyabeen seed & Oil, Groundnet seed & Oil, Pam Oil etc.)
14 जनवरी 2010
निर्यात बढ़ने से जापान का रबर स्टॉक गिरा
सिंगापुर। जापान में नेचुरल रबर का स्टॉक तेजी से गिर रहा है। घरेलू बाजार में तो रबर की बिक्री हो ही रही है, इसके अलावा ऊंचे भाव पर कारोबारी रबर का चीन को निर्यात कर रहे हैं। उन्होंने ज्यादातर रबर सस्ते दामों पर आयात की थी। जापान के अधिकारियों ने बुधवार को कहा कि जापान के कारोबारी थाईलैंड, मलेशिया और इंडोनेशिया से आयातित रबर चीन को बेच रहे हैं। 15 महीनों के उच्चतम स्तर पर चल रही रबर कीमतों के कारण कारोबारी मुनाफा कमा रहे हैं। टोक्यो स्थित एक एक कमोडिटी ब्रोकरेज फर्म ने कहा कि रबर की मांग चीन में काफी ज्यादा है। ऐसे में कारोबारी मुनाफा कमाने के लिए स्टॉक खाली कर रहे हैं। टोक्यो कमोडिटी एक्सचेंज में जुलाई के दौरान नेचुरल रबर की बेंचमार्क कीमतें जहां 160 येन प्रति किलो थी, वहीं नवंबर में बढ़कर 250 येन और इस सप्ताह बढ़कर 300 येन प्रति किलो से भी ऊपर पहुंच गई हैं। टोक्यो के एक अन्य कारोबारी ने कहा कि कीमतों में तेज बढ़ोतरी के कारण आयातक रबर पड़ोसी देश चीन को बेच रहे हैं। सिंगापुर स्थित एक निर्यातक ने कहा कि जापान के जिन आयातकों ने जुलाई में रबर खरीदा, उन्हें अक्टूबर में बेचने पर इसमें भारी मुनाफा हासिल हुआ। चीन भले ही रबर उत्पादक क्षेत्रों से सीधे खरीद कर रहा है, लेकिन कीमतों में बढ़ोतरी के कारण चीन के कई टायर निर्माता लागत घटाने के लिए सीधे जापान के कारोबारियों से संपर्क कर रहे हैं। (एजेंसी)वर्ष 2009 के आखिरी छह महीनों में जापान के रबर भंडार में तेजी से गिरावट आई है। चीन में वर्ष 2009 में वाहनों की बिक्री 46.2 फीसदी बढ़ी है। वैश्विक मंदी के बावजूद बिक्री में इस बढ़ोतरी के कारण चीन में रबर की मांग तेजी से बढ़ी है। चीन के टायर निर्माताओं की रबर मांग पूरी करने के लिए जापान के रबर कारोबारी जबरदस्त मुनाफा कमा रहे हैं। जापान में भी वाहनों की बिक्री 36 फीसदी बढ़ने से घरेलू खपत बढ़ी है। (बिज़नस भास्कर)
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें