Daily update All Commodity news like : Wheat, Rice, Maize, Guar, Sugar, Gur, Pulses, Spices, Mentha Oil & Oil Complex (Musterd seed & Oil, soyabeen seed & Oil, Groundnet seed & Oil, Pam Oil etc.)
18 दिसंबर 2009
विदेशों में सोना सस्ता, पर घरेलू बाजार में महंगा
अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमतों में 11 डॉलर की गिरावट के बावजूद दिल्ली सराफा बाजार में सोने के भाव में 100 रुपये की तेजी आकर दाम 17,390 रुपये प्रति दस ग्राम हो गए। इस दौरान चांदी की कीमतों में 300 रुपये की गिरावट आकर भाव 27,400 रुपये प्रति किलो रह गए। ऑल इंडिया सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष शील चंद जैन ने बताया कि घरेलू बाजार में सोने में मांग कमजोर ही बनी हुई है लेकिन अंतरराष्ट्रीय बाजार में 16 दिसंबर को सोने के दाम बढ़े थे जिसके कारण घरेलू बाजार में गुरुवार को इसकी कीमतों में तेजी आई है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में 16 दिसंबर को सोने का भाव 1124 डॉलर प्रति औंस पर खुला था तथा निवेशकों की खरीद से 13 डॉलर की तेजी आकर 1137 डॉलर प्रति औंस पर बंद हुआ था। गुरुवार को विदेशी बाजार में सोने का भाव 1131 डॉलर प्रति औंस पर खुला तथा मुनाफावसूली के कारण 1120 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करते देखा गया।दिल्ली बुलियन वैल्फेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष वी. के. गोयल ने बताया कि चांदी में औद्योगिक तथा गहने निर्माताओं की मांग कमजोर है। विदेशी बाजार में दाम घटने का असर भी घरेलू बाजार पर पड़ा है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में 16 दिसंबर को चांदी के दाम 17.69 डॉलर प्रति औंस पर बंद हुए थे जबकि गुरुवार को विदेशी बाजार में चांदी का भाव 17.50 डॉलर प्रति औंस पर खुला तथा निवेशकों की बिकवाली से 17.41 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करते देखा गया। दिल्ली सराफा बाजार में भी चांदी की कीमतों में इस दौरान 300 रुपये की गिरावट आकर भाव 27,400 रुपये प्रति किलो रह गए। (बिज़नस भास्कर)
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें