Daily update All Commodity news like : Wheat, Rice, Maize, Guar, Sugar, Gur, Pulses, Spices, Mentha Oil & Oil Complex (Musterd seed & Oil, soyabeen seed & Oil, Groundnet seed & Oil, Pam Oil etc.)
19 दिसंबर 2009
विदेशी गिरावट से सोना 300 रुपये लुढ़का
अंतरराष्ट्रीय बाजार में गिरावट आने से दिल्ली सराफा बाजार में शुक्रवार को सोने की कीमतों में 300 रुपये की गिरावट आकर भाव 17,090 रुपये प्रति दस ग्राम रह गए। हालांकि इस दौरान चांदी की कीमतों में 250 रुपये की तेजी आकर भाव 27,650 रुपये प्रति किलो हो गए।ऑल इंडिया सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष शील चंद जैन ने बताया कि चालू महीने में अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमतों में करीब 117 डॉलर प्रति औंस की गिरावट आ चुकी है। दो दिसंबर को अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने के दाम 1220 डॉलर प्रति औंस थे जोकि शुक्रवार को घटकर 1103 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करते देखा गया। घरेलू बाजार में ब्याह-शादियों का सीजन समाप्त होने के कारण गहने निर्माताओं की मांग भी घटी है। इसीलिए घरेलू बाजार में सोने के दाम घट रहे हैं। दिल्ली सराफा बाजार में चालू महीने में सोने की कीमतों में 1360 रुपये प्रति दस ग्राम की गिरावट आ चुकी है। तीन दिसंबर को दिल्ली सराफा बाजार में सोने का भाव 18,450 रुपये प्रति दस ग्राम था जोकि शुक्रवार को घटकर 17,090 रुपये प्रति दस ग्राम रह गया।चांदी के भाव अंतरराष्ट्रीय बाजार में शुक्रवार को 17.25 डॉलर प्रति औंस पर खुले तथा निवेशकों की मुनाफावसूली से भाव घटकर 17.17 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करते देखा गया। अंतरराष्ट्रीय बाजार में 16 दिसंबर को चांदी 17.69 डॉलर प्रति औंस पर बंद हुई थी। विदेशी बाजार में गिरावट के बावजूद घरेलू बाजार में चांदी की कीमतों में 250 रुपये की तेजी आकर भाव 27,650 रुपये प्रति किलो हो गए। (बिज़नस भास्कर)
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें