Daily update All Commodity news like : Wheat, Rice, Maize, Guar, Sugar, Gur, Pulses, Spices, Mentha Oil & Oil Complex (Musterd seed & Oil, soyabeen seed & Oil, Groundnet seed & Oil, Pam Oil etc.)
02 अक्टूबर 2009
भूकंप के कारण इंडोनेशिया से रबर निर्यात में देरी
बुधवार को आए शक्तिशाली भूकंप से सड़कें क्षतिग्रस्त होने के कारण इंडोनेशिया के रबर निर्यात में देरी हो रही है। औद्योगिक क्षेत्र से जुड़े एक वरिष्ठ अधिकारी ने गुरुवार को बताया कि रास्ते खराब होने के कारण पश्चिमी सुमात्रा से करीब 50 हजार टन रबर बंदरगाहों तक पहुंचाने में देरी हो रही है। पश्चिमी सुमात्रा इंडोनेशिया का प्रमुख रबर उत्पादक क्षेत्र है। यहां से हर वर्ष करीब 150,000 टन रबर निर्यात किया जाता है। इंडोनेशिया के रबर उत्पादकों के संगठन के चेयरमैन असरिल सुतान आमिर ने कहा कि टेलोक बायुर बंदरगाह तक पहुंचने वाली सड़क कई जगह से टूट गई है और यातायात के लायक नहीं रह गई है। भूकंप से रबर उत्पादन में जुटी कुछ फैक्टरियों को भी नुकसान पहुंचने की खबरें मिली हैं। उत्तरी और दक्षिणी सुमात्रा में अब तक रबर उत्पादन सामान्य रूप से जारी है क्योंकि इन स्थानों पर कामकाज भूकंप से प्रभावित नहीं हुआ है। उत्तरी और दक्षिणी सुमात्रा देश के प्रमुख रबर निर्यातक क्षेत्र हैं। वहीं, पश्चिमी सुमात्रा देश का पांचवां सबसे बड़ा रबर उत्पादक क्षेत्र है। इंडोनेशिया थाईलैंड के बाद विश्व का दूसरा सबसे बड़ा रबर उत्पादक देश है। इस वर्ष इंडोनेशिया को 22 लाख टन रबर उत्पादन की उम्मीद है जो 2008 के 27।5 लाख टन से काफी कम है। बुधवार को रिक्टर पैमाने पर 7.9 की तीव्रता से पश्चिमी सुमात्रा में पदांग सिटी के 53 किलोमीटर उत्तर पश्चिम में आए शक्तिशाली भूकंप से जनजीवन काफी प्रभावित हुआ है। सिंगापुर और मलेशिया तक में भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। (बिज़नस भास्कर)
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें