Daily update All Commodity news like : Wheat, Rice, Maize, Guar, Sugar, Gur, Pulses, Spices, Mentha Oil & Oil Complex (Musterd seed & Oil, soyabeen seed & Oil, Groundnet seed & Oil, Pam Oil etc.)
01 सितंबर 2009
निर्यातकों की कमजोर मांग से मैंथा पांच फीसदी नरम
निर्यातकों की कमजोर मांग से पिछले बीस दिनों में मैंथा में पांच फासदी की गिरावट आ चुकी है। उत्पादक मंडियों में मैंथा तेल के दाम घटकर 550 रुपये और क्रिस्टल बोल्ड के दाम 650 रुपये प्रति किलो रह गये। चालू वित्त वर्ष में मैंथा उत्पादों का निर्यात पिछले साल की समान अवधि की तुलना में 23 फीसदी कम रहा है। पैदावार में बढ़ोतरी और घरेलू मांग भी कमजोर होने से मौजूदा भावों में और भी गिरावट की संभावना है।एसेंसिएल एसोसिएशन ऑफ इंडिया के पूर्व अध्यक्ष जुगल किशोर ने बिजनेस भास्कर को बताया कि मैंथा तेल के उत्पादन में बढ़ोतरी को देखते हुए निर्यातकों की मांग कमजोर बनी हुई है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में क्रिस्टल बोल्ड के भाव 13 डॉलर प्रति किलो (सीएंडएफ) चल रहे हैं। लेकिन इन भावों में भी अमेरिका और यूरोप की मांग कमजोर है। पिछले दो महीने में इसमें करीब डेढ़ से दो डॉलर प्रति किलो की गिरावट आ चुकी है। जून के मध्य में इसके भाव 14.5 से 15 डॉलर प्रति किलो थे। भारतीय मसाला बोर्ड के सूत्रों के अनुसार चालू वित्त वर्ष के अप्रैल से जुलाई के दौरान मैंथा उत्पादों का निर्यात घटकर 5,100 टन रह गया है जो कि पिछले साल की समान अवधि के 6,675 टन के मुकाबले करीब 23 फीसदी कम है। वित्त वर्ष 2008-09 में भारत से मैंथा उत्पादों का कुल निर्यात 20,500 टन रहा था।संभल स्थित मैसर्स ग्लोरियस केमिकल के डायरेक्टर अनुराग रस्तोगी ने बताया कि चालू सीजन में देश में मैंथा तेल का उत्पादन 30 से 32 हजार टन होने की संभावना है जोकि पिछले साल से ज्यादा है। पिछले साल कटाई के समय बारिश होने से मैंथा तेल का उत्पादन घटकर 27-28 हजार टन का ही हुआ था। अभी तक करीब 70 से 80 फीसदी माल मंडियों में आ चुका है। इस समय पिछेती फसल की थोड़ी-बहुत आवक हो रही है। उन्होंने बताया कि चालू महीने के मध्य में निर्यात मांग बढ़ने की संभावना है।उत्तर प्रदेश मैंथा उद्योग एसोसिएशन के अध्यक्ष फूल प्रकाश ने बताया कि उत्पादक मंडियों संभल, चंदौसी और बाराबंकी में मैंथा तेल की दैनिक आवक घटकर 200-250 ड्रमों (एक ड्रम 180 किलो) की रह गई। मांग कमजोर होने के कारण ही आवक घटी है। पिछले बीस दिनों में उत्पादक मंडियों में मैंथा तेल के भाव में 30 रुपये की गिरावट आकर भाव 550 रुपये प्रति किलो रह गए। इस दौरान क्रिस्टल बोल्ड के भाव घटकर 650 रुपये प्रति किलो बोले जा रहे हैं। पिछले दिनों उत्पादक मंडियों में मैंथा तेल के दाम 650 रुपये और क्रिस्टल बोल्ड के भाव 750 रुपये प्रति किलो चल रहे थे। निर्यातकों के साथ घरेलू मांग भी कमजोर होने से मौजूदा भाव में और भी 15-20 रुपये प्रति किलो की गिरावट आने की संभावना है। (बिज़नस भास्कर.....र स रना)
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें