Daily update All Commodity news like : Wheat, Rice, Maize, Guar, Sugar, Gur, Pulses, Spices, Mentha Oil & Oil Complex (Musterd seed & Oil, soyabeen seed & Oil, Groundnet seed & Oil, Pam Oil etc.)
28 सितंबर 2009
निर्यातकों की हल्की मांग से मैंथा में गिरावट
निर्यातकों की कमजोर मांग से पिछले डेढ़ महीने में मैंथा तेल की कीमतों में 7।7 फासदी की गिरावट आ चुकी है। शनिवार को उत्पादक मंडियों में मैंथा तेल के दाम घटकर 549 रुपये और क्रिस्टल बोल्ड के दाम 650 रुपये प्रति किलो रह गए। चालू वित्त वर्ष के पहले पांच महीनों (अप्रैल से अगस्त) के दौरान मैंथा उत्पादों का निर्यात पिछले साल की समान अवधि की तुलना में 23 फीसदी कम रहा। चालू सीजन में पैदावार तो बढ़ी ही है, साथ ही इस समय त्योहारी सीजन के कारण किसानों की बिकवाली पहले की तुलना में बढ़ी है। इसलिए मौजूदा भावों में और भी दस-पंद्रह रुपये प्रति किलो की गिरावट आने की संभावना है।एसेंशिएल एसोसिएशन ऑफ इंडिया के पूर्व अध्यक्ष जुगल किशोर ने बिजनेस भास्कर को बताया कि चालू सीजन में देश में मैंथा का उत्पादन बढ़ा है। भाव में आई गिरावट के कारण अमेरिका और यूरोप के आयातक अभी इंतजार करो और देखो की नीति अपना रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय बाजार में क्रिस्टल बोल्ड के भाव इस समय 13 डॉलर प्रति किलो (सीएंडएफ) चल रहे हैं। लेकिन इन भावों में भी अमेरिका और यूरोप की मांग कमजोर है। पिछले ढ़ाई महीने में इसमें करीब डेढ़ से दो डॉलर प्रति किलो की गिरावट आ चुकी है। जून के मध्य में इसके भाव 14.5 से 15 डॉलर प्रति किलो थे। भारतीय मसाला बोर्ड के सूत्रों के अनुसार चालू वित्त वर्ष के अप्रैल से अगस्त के दौरान मैंथा उत्पादों का निर्यात घटकर 6,600 टन रह गया है जबकि पिछले साल की समान अवधि में 8,575 टन निर्यात हुआ था। चालू वित्त वर्ष में निर्यात का लक्ष्य 22,000 टन का रखा गया है। जबकि वित्त वर्ष 2008-09 में भारत से मैंथा उत्पादों का कुल निर्यात 20,500 टन का हुआ था। उत्तर प्रदेश मैंथा उद्योग एसोसिएशन के अध्यक्ष फूल प्रकाश ने बताया कि त्योहारी सीजन होने के कारण किसानों की बिकवाली ज्यादा आ रही है। इस समय उत्पादक मंडियों संभल, चंदौसी और बाराबंकी में मैंथा तेल की दैनिक आवक 200-250 ड्रमों से बढ़कर 300-350 ड्रमों (एक ड्रम 180 किलो) की हो गई है। उत्पादक मंडियों में मैंथा तेल के भाव घटकर 549 रुपये प्रति किलो रह गए। जबकि क्रिस्टल बोल्ड के भाव 650 रुपये प्रति किलो बोले जा रहे हैं। अगस्त महीने के प्रथम पखवाड़े में मैंथा तेल के दाम बढ़कर 595 रुपये प्रति किलो हो गए थे। निर्यातकों के साथ घरेलू मांग भी कमजोर होने से मौजूदा भाव में और भी 10-15 रुपये प्रति किलो की गिरावट आने की संभावना है।संभल स्थित मैसर्स ग्लोरियस केमिकल के डायरेक्टर अनुराग रस्तोगी ने बताया कि चालू सीजन में देश में मैंथा तेल का उत्पादन 30 से 32 हजार टन होने की संभावना है जोकि पिछले साल से ज्यादा है। अक्टूबर महीने में यूरोप और अमेरिका की मांग निकलने से भारत से निर्यात बढ़ने की संभावना है।rana@businessbhaskar.net (बिज़नस भास्कर...र स रना)
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें