Daily update All Commodity news like : Wheat, Rice, Maize, Guar, Sugar, Gur, Pulses, Spices, Mentha Oil & Oil Complex (Musterd seed & Oil, soyabeen seed & Oil, Groundnet seed & Oil, Pam Oil etc.)
07 अगस्त 2009
तीन माह में नैफेड 1.5 लाख टन दालों का आयात करेगी
घरेलू बाजारों में दलहन की सप्लाई सुगम बनाने के लिए नैफेड आगामी तीन महीनों में लगभग डेढ़ लाख टन दालों का आयात करेगी। नवंबर से जुलाई के दौरान नैफेड ने 2.10 लाख टन दलहन का आयात किया है और इसका 82 फीसदी माल बाजार में बेचा जा चुका है। सप्लाई बढ़ने से आगामी दिनों में दलहन की मौजूदा कीमतों में कुछ गिरावट आ सकती है।नैफेड के एक अधिकारी के मुताबिक आगामी तीन महीनों में कंपनी करीब डेढ़ लाख टन दलहन का आयात करेगी। इसमें पीली मटर के अलावा उड़द और मूंग भी होगी। सरकारी कंपनियों द्वारा आयात की गई दालों की बराबर बिकवाली की जा रही है। सितंबर-अक्टूबर में घरेलू मंडियों में दालों की नई फसल की आवक शुरू हो जाएगी। जिससे घरेलू बाजार में दालों के मौजूदा भावों में गिरावट आने की संभावना है। मानसून की कमी से भी इस समय दालों की तेजी को बल मिला है। उन्होंने बताया कि नैफेड ने अभी तक आयातित 82 फीसदी दलहन बेच दी है। इस समय कंपनी के पास मात्र 37 हजार टन पीली मटर का स्टॉक बचा हुआ है तथा इसकी बिकवाली भी जल्दी ही घरेलू बाजार में की जाएगी। पिछले साल नवंबर से जुलाई की अवधि में कंपनी ने 2.10 लाख टन दलहन का आयात किया गया है। इसमें दो लाख टन पीली मटर और 10 हजार टन उड़द है। इस समय अंतरराष्ट्रीय बाजार में पीली मटर के दाम 350 से 355 डॉलर प्रति टन चल रहे हैं। चालू महीने के आखिर तक कनाडा में मटर की नई फसल की आवक शुरू हो जाएगी। सितंबर महीने में अंतरराष्ट्रीय बाजार में मटर के भावों में गिरावट की संभावना है। मुंबई में आस्ट्रेलियाई चने के भाव 2410 रुपये, मूंग पेडीसेवा 4350 रुपये, मूंग तंजानिया 4450 रुपये, कनाडा की मसूर के भाव 4800 रुपये, लेमन अरहर (म्यांमार) के भाव 5400 रुपये, उड़द एफएक्यू म्यांमार 4000 रुपये, कनाडा की मटर के 1560 रुपये और अमेरिका की मटर के 1610 रुपये प्रति क्विंटल चल रहे हैं। (Business Bhaskar....R S Rana)
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें