Daily update All Commodity news like : Wheat, Rice, Maize, Guar, Sugar, Gur, Pulses, Spices, Mentha Oil & Oil Complex (Musterd seed & Oil, soyabeen seed & Oil, Groundnet seed & Oil, Pam Oil etc.)
08 मई 2009
तेल की तेजी से फिर लगी सोने में आग
मुंबई: अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दाम में आए उछाल ने सोने और चांदी की किस्मत बदल दी है। तेल के दाम बढ़ने से दुनिया भर में महंगाई दर के बढ़ने का डर सता रहा है, जिससे सोने की चमक बढ़ी है। जानकारों के मुताबिक, सोने को 920 डॉलर प्रति औंस के भाव पर प्रतिरोध का सामना करना पड़ रहा है। अगर वह इस रुकावट को पार करता है तो आने वाले कुछ हफ्तों में कीमत 950 डॉलर प्रति औंस से ऊपर जा सकती है। इस साल के शुरुआती तीन महीनों में कच्चे तेल की कीमत के बढ़ने-घटने का सोने पर असर नहीं पड़ा, लेकिन अब दोनों के दाम में एक साथ तेजी आ रही है। एडमिसी कमोडिटीज के देवज्योति चटर्जी के मुताबिक, जापान में सट्टेबाजी बढ़ने की वजह से अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना महंगा हुआ है। जापान में छुट्टियों के बाद बाजार खुलने पर सोने की जमकर खरीदारी हुई। यह आने वाले कुछ हफ्तों में 940 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच सकता है। इस दौरान चांदी के 13.5-14.8 डॉलर प्रति औंस के बीच कारोबार करने की उम्मीद है। उनके मुताबिक, घरेलू बाजार में इस महीने सोने की कीमत 15,000 रुपए प्रति 10 ग्राम पहुंच सकती है जबकि चांदी का भाव 23,500 रुपए प्रति किलो हो सकता है। आनंद राठी कमोडिटीज के सुबोध गुप्ता का कहना है कि दुनिया भर में आर्थिक अनिश्चितता अभी भी बनी हुई है, ऐसे में जोखिम से बचने के लिए लोग सोना खरीद रहे हैं। एंजेल कमोडिटीज के अमर सिंह ने बताया कि डॉलर के कमजोर होने से भी सोने-चांदी को समर्थन मिल रहा है। उनका कहना है कि 915-920 डॉलर प्रति औंस से ऊपर जाने में सोने को दिक्कत हो रही है। इन स्तरों पर निवेशक मुनाफावसूली कर सकते हैं। अगर भाव 920 डॉलर प्रति औंस से ऊपर चढ़े तो इसमें और तेजी देखी जा सकती है। अक्सर सोने और कच्चे तेल के दाम साथ-साथ बढ़ते हैं। हालांकि इस साल के शुरू के तीन महीने में वैश्विक मंदी के चलते कच्चे तेल की मांग में जबरदस्त कमी आई और यह 40 डॉलर प्रति बैरल से भी नीचे जा पहुंचा। इस दौरान सुरक्षित निवेश के लिए सोने की खरीदारी बढ़ी और इसकी कीमत में इजाफा हुआ। 24 फरवरी को तो सोने का भाव 990 डॉलर प्रति औंस के स्तर तक चला गया था। हालांकि अब दोनों में साथ-साथ फिर बढ़ोतरी देखी जा रही है। कच्चे तेल का मई वायदा भाव 53 डॉलर से बढ़कर 58 डॉलर हो गया, वहीं हाजिर बाजार में सोने की कीमत 890 डॉलर प्रति औंस से बढ़कर 916 डॉलर प्रति औंस हो गई। (ET Hindi)
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें