नई दिल्ली। अमेरिकी गेहूं संघ के अनुसार, अमेरिका के लगभग 69 फीसदी शीतकालीन गेहूं उत्पादक क्षेत्र में इस समय सूखे की स्थिति बनी हुई है। अमेरिकी गेहूं बाजार विश्लेषक ल्यूक मुलर ने 1 मई की अपनी मूल्य रिपोर्ट में बताया कि, शुष्क मौसम की स्थिति मुख्य कारण बनी हुई है जिसकी वजह से गेहूं वायदा कीमतों में लगातार तेजी देखी जा रही है।अमेरिकी गेहूं संघ के अनुसार, कैनसस सिटी बोर्ड ऑफ ट्रेड पर अमेरिकी हार्ड रेड विंटर गेहूं की कीमत 24 सेंट बढ़कर 6.83 डॉलर प्रति बुशेल हो गई है। प्रशांत उत्तर पश्चिम क्षेत्र में पोर्टलैंड बाजार में सॉफ्ट व्हाइट गेहूं की कीमत करीब 6.30 डॉलर प्रति बुशेल है। अमेरिकी सूखा मॉनिटर के मुताबिक इस क्षेत्र का अधिकांश हिस्सा असामान्य रूप से शुष्क है या वहां मध्यम स्तर का सूखा पड़ा हुआ है।
वाशिंगटन एसोसिएशन ऑफ व्हीट ग्रोअर्स के अनुसार सामान्य ब्रेकइवन कीमत 7.71 डॉलर प्रति बुशेल है। मुलर और अमेरिकी गेहूं संघ की संचार एवं आउटरीच निदेशक जूलिया डेब्स ने कैपिटल प्रेस को बताया कि, कीमतों में अधिकांश बढ़ोतरी वायदा बाजार की वजह से हुई है, जबकि बेसिस यानी स्थानीय नकद बाजार और वायदा कीमत के बीच का अंतर काफी हद तक स्थिर बना हुआ है। मुलर और डेब्स ने कहा कि, अन्य प्रमुख उत्पादक देशों की तुलना में अमेरिकी कीमतें कुछ ऊपर खिसकी हैं, क्योंकि बाजार प्रमुख शीतकालीन गेहूं उत्पादन क्षेत्रों में पड़े सूखे के असर को समझने में लगा है। उत्तरी गोलार्ध में अन्य प्रतिस्पर्धी देश अभी भी काफी अच्छी स्थिति में हैं।
सूखे की गंभीरता के बारे में मुलर और डेब्स ने बताया कि, स्थानीय क्षेत्रों में सूखे की तीव्रता अलग अलग रही है। उन्होंने कहा कि हम उस बिंदु के करीब पहुंच रहे हैं जहां कुछ फसलों के लिए बारिश बहुत देर से आ सकती है। पिछले हफ्ते मैदानी इलाकों में छिटपुट बारिश हुई और ऐसे वर्षों में, जहां भी नमी मिली उसके आधार पर, प्रभावित क्षेत्रों में खेतों के बीच उत्पादन में काफी अंतर देखने को मिलेगा।इससे पहले दिसंबर 2022 में भी करीब 69 प्रतिशत शीतकालीन गेहूं फसल सूखे की चपेट में थी।
Daily update All Commodity news like : Wheat, Rice, Maize, Guar, Sugar, Gur, Pulses, Spices, Mentha Oil & Oil Complex (Musterd seed & Oil, soyabeen seed & Oil, Groundnet seed & Oil, Pam Oil etc.)
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें