कुल पेज दृश्य

29 जून 2018

अगले 48 घंटों में उत्तर भारत में सक्रिय होगा मानसून, खरीफ फसलों की बुवाई में आयेगी तेजी

आर एस राणा
नई दिल्ली। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार आगामी 48 घंटों के दौरान उत्तर भारत के राज्यों पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में पूरी तरह से मानसून सक्रिय हो जायेगा। दक्षिण पश्चिम मानसून गुजरात, ओडिशा, पूर्वी राजस्थान के हिस्सों, पूरे मध्य प्रदेश और पूर्वी उत्तर प्रदेश, पंजाब के कुछ हिस्सों, पूरे जम्मू-कश्मीर, पश्चिम उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों तक पहुंच गया है।
उत्तर भारत के राज्यों में मानसून की सक्रियता बढ़ने से खरीफ की प्रमुख फसल धान की रोपाई के साथ ही अन्य फसलों की बुवाई में भी तेजी आने का अनुमान है। उत्तर-पश्चिम भारत में इस बार मानसून की रफ्तार तेज रहेगी और महज दो दिनों के भीतर सभी आठ राज्यों में छाने की संभावना है। 
मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को मानसून झारखंड, बिहार, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के ज्यादातर हिस्सों में छा गया है। पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी मानसून ने दस्तक दी है। मंगलवार को उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में प्री-मानसून की बारिश भी हुई है। 
मौसम विभाग के अनुसार आगामी 24 घंटों के दौरान पश्चिमी तट पर मानसून के सक्रिय रहने की संभावना है। इस दौरान तटीय आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, विदर्भ, पश्चिम मध्य प्रदेश, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड और पूर्वोत्तर भारत पर सामान्य मानसून की स्थिति की संभावना है।
आगामी 24 घंटों के दौरान गुजरात, आंतरिक कर्नाटक, रायलसीमा और तमिलनाडु में मानसून कमजोर होने से हल्की बारिश होने का अनुमान है। 
मौसम विभाग के अनुसार बीते 24 घंटों के दौरान, तटीय कर्नाटक में मानसून व्यापक सक्रिय रहा। इसके अलावा कोंकण, गोवा, केरल, तटीय आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, विदर्भ, पश्चिम मध्य प्रदेश, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, और पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में मानसून सामान्य रहा।.....  आर एस राणा

कोई टिप्पणी नहीं: