कुल पेज दृश्य

04 दिसंबर 2017

कर्नाटका और मध्य प्रदेश में चना की बुवाई बढ़ी, राजस्थान में घटी

आर एस राणा
नई दिल्ली। चालू रबी में कर्नाटका, मध्य प्रदेश के साथ आंध्र्रप्रदेश और महाराष्ट्र में चना की बुवाई में बढ़ोतरी हुई है जबकि राजस्थान में बुवाई पिछड़ी है। कृषि मंत्रालय के अनुसार रबी में अभी तक चना की कुल बुवाई बढ़कर 84.37 लाख हैक्टेयर में हो चुकी है जबकि पिछले साल इस समय तक 78.26 लाख हैक्टेयर में बुवाई हुई थी। सामान्यतः रबी में चना की बुवाई 86.80 लाख हैक्टेयर में होती है।
मंत्रालय के अनुसार कर्नाटका में चालू रबी में चना की बुवाई बढ़कर 12.73 लाख हैक्टेयर में हो चुकी है जबकि पिछले साल इस समय तक राज्य में केवल 8.76 लाख हैक्टेयर में ही बुवाई हो पाई थी। इसी तरह से मध्य प्रदेश में चना की बुवाई बढ़कर 30.35 लाख हैक्टेयर में हो चुकी है जबकि पिछले साल की समान अवधि में केवल 26.23 लाख हैक्टेयर में ही बुवाई हो पाई थी। उधर आंध्रप्रदेष में चना की बुवाई पिछले साल के 2.24 लाख हैक्टेयर में बढ़कर 4.04 लाख हैक्टेयर में और महाराष्ट्र में पिछले साल के 14.22 लाख हैक्टेयर की तुलना में 14.96 लाख हैक्टेयर में हो चुकी है।
राजस्थान में चना की बुवाई घटकर चालू रबी में अभी तक केवल 12.30 लाख हैक्टेयर में ही हो पाई है जबकि पिछले साल इस समय तक राज्य में 15.79 लाख हैक्टेयर में चना की बुवाई हो चुकी थी। उत्तर प्रदेश में चना की बुवाई चालू रबी में 5.01 लाख हैक्टेयर में ही हुई है जबकि पिछले साल इस समय तक 5.70 लाख हैक्टेयर में बुवाई हो चुकी थी। अन्य राज्यों में गुजरात में 2.02 लाख हैक्टेयर में और छत्तीसगढ़ में 1.14 लाख हैक्टेयर में चना की बुवाई हो चुकी है।
उत्पादक राज्यों मध्य प्रदेश और राजस्थान में चना का बकाया स्टॉक ज्यादा है, साथ ही आयातित चना के आयात सौदे ज्यादा मात्रा में हो चुके हैं, इसीलिए घरेलू बाजार में चना की कीमतों में लगातार गिरावट बनी हुई है। व्यापारियों के अनुसार नीचे भाव में मांग निकलने से इसके भाव में हल्का सुधार तो आ सकता है, लेकिन भविष्य मंदे का ही है।  ...............  आर एस राणा

कोई टिप्पणी नहीं: