कुल पेज दृश्य

26 अगस्त 2017

मक्का के साथ ज्वार की बुवाई घटी, बाजरा की बढ़ी

आर एस राणा
नई दिल्ली। चालू खरीफ में मक्का के साथ ही ज्वार की बुवाई में कमी आई है, जबकि बाजरा की बुवाई बढ़ी है। कृषि मंत्रालय के अनुसार चालू खरीफ में मक्का की बुवाई घटकर 77.99 लाख हैक्टेयर में ही हुई है जबकि पिछले साल की समान अवधि में इसकी बुवाई 82.91 लाख हैक्टेयर में हो चुकी थी।
उत्तर प्रदेश के साथ ही राजस्थान में मक्का की बुवाई घटी है जबकि मध्य प्रदेश में बढ़ी है। मंत्रालय के अनुसार उत्तर प्रदेश में मक्का की बुवाई घटकर अभी तक 7.26 लाख हैक्टेयर में ही हुई है जबकि पिछले साल इस समय तक 7.81 लाख हैक्टेयर में मक्का की बुवाई हुई थी। राजस्थान में मक्का की बुवाई घटकर 9.02 लाख हैक्टेयर में ही हुई है जबकि पिछले साल इस समय तक 9.62 लाख हैक्टेयर में बुवाई हो चुकी थी।
मध्य प्रदेश में चालू खरीफ में मक्का की बुवाई बढ़कर 13.17 लाख हैक्टेयर में हो चुकी है जबकि पिछले साल इस समय तक 12.63 लाख हैक्टेयर में ही हुई थी। अन्य राज्यों कर्नाटका में मक्का की बुवाई घटकर 10.14 लाख हैक्टेयर में ही हुई है जबकि पिछले साल इस समय तक 12.50 लाख हैक्टेयर में हो चुकी थी। महाराष्ट्र में मक्का की बुवाई चालू खरीफ में 9.01 लाख हैक्टेयर में, बिहार में 4.09 लाख हैक्टेयर में और तेलंगाना में 4.46 लाख हैक्टेयर में ही हुई है।
मक्का की नई फसल की आवक सितंबर में चालू हो जायेगी, इसलिए माल्ट कंपनियों के साथ ही स्टार्च मिलों की मांग कमजोर है। विश्व बाजार में मक्का के भाव नीचे होने के कारण हमारे यहां से निर्यात पड़ते नहीं लग रहे हैं इसलिए नई फसल की आवक बनने पर मक्का की कीमतों में नरमी आने का ही अनुमान है।
ज्वार की बुवाई चालू खरीफ में घटकर अभी तक 17.17 लाख हैक्टेयर में ही हुई है जबकि पिछले साल की समान अवधि में इसकी बुवाई 18.98 लाख हैक्टेयर में हो चुकी थी।
बजरा की बुवाई चालू खरीफ में बढ़कर 71.24 लाख हैक्टेयर में हो चुकी है जबकि पिछले साल इस समय तक 67.69 लाख हैक्टेयर में ही हुई थी। प्रमुख उत्पादक राज्य राजस्थान में बाजरा की बुवाई बढ़कर 43.66 लाख हैक्टेयर में हो चुकी है जबकि पिछले साल की समान अवधि में इसकी बुवाई 37.62 लाख हैक्टेयर में ही बुवाई हुई थी। उत्तर प्रदेश में बाजरा की बुवाई 8.94 लाख हैक्टेयर में, मध्य प्रदेश में 3.10 लाख हैक्टेयर में, महाराष्ट्र में 6.60 लाख हैक्टेयर में, कर्नाटका में 2.19 लाख हैक्टेयर में, हरियाणा में 4.29 लाख हैक्टेयर में और गुजरात में 1.77 लाख हैक्टेयर में बुवाई हुई है।..................   आर एस राणा

कोई टिप्पणी नहीं: