कुल पेज दृश्य

05 अप्रैल 2017

06 अप्रैल 2017 का मौसमी पूर्वानुमान




देश भर में बने मौसमी सिस्टम
उत्तरी पाकिस्तान और उससे सटे जम्मू कश्मीर पर एक पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है। इसके प्रभाव से विकसित हुआ चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र इस समय मध्य पाकिस्तान और उससे सटे पंजाब तथा राजस्थान के भागों पर देखा जा सकता है। इस सिस्टम से एक ट्रफ रेखा उत्तर प्रदेश और उत्तरी छत्तीसगढ़ होते हुए ओडिशा तक पहुंच रही है।
एक अन्य चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र उत्तरी पश्चिम बंगाल के ऊपर देखा जा सकता है। इस सिस्टम से एक ट्रफ रेखा अरुणाचल प्रदेश तक विकसित हो गई है।
इसके अलावा एक ट्रफ रेखा दक्षिण भारत में तेलंगाना से दक्षिणी तमिलनाडु तक बनी हुई है।
देश के विभिन्न भागों में दर्ज की गई मौसमी गतिविधियां
बीते 24 घंटों के दौरान बारिश की गतिविधियों की बात करें तो जम्मू कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में अधिकांश जगहों पर मध्यम से भारी बारिश दर्ज की गई है। उत्तराखंड में तेज हवा के झोंकों और गरज के साथ वर्षा रिकॉर्ड की गई है।
पंजाब, हरियाणा, उत्तरी राजस्थान, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर तेज़ हवाओं और गरज के साथ मध्यम बौछारें दर्ज की गई हैं।
पूर्वी भारत में सिक्किम और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल में मध्यम वर्षा की गतिविधियां जारी रहीं। इन भागों में कुछ स्थानों पर भारी वर्षा भी रिकॉर्ड की गई है।
गंगीय पश्चिम बंगाल, तेलंगाना और रायलसीमा में एक-दो स्थानों पर प्री-मानसून वर्षा हुई है। देश की बाकी हिस्सों में मौसम मुख्यतः शुष्क बना रहा।
राजस्थान और पश्चिमी मध्य प्रदेश में दिन का तापमान 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक नीचे आया है। पूर्वी भारत के भागों में अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट हुई है।
आगामी 24 घंटों का मौसमी पूर्वानुमान
अगले 24 घंटों के दौरान जम्मू कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में कई जगहों पर जबकि उत्तराखंड के कुछ भागों में मध्यम से भारी वर्षा जारी रहने की संभावना है। इन पर्वतीय राज्यों में एक-दो जगहों पर तेज़ हवाएं चलने की भी संभावना है।
पंजाब और हरियाणा में कई जगहों पर जबकि दिल्ली-एनसीआर, उत्तरी राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर धूलभरी आँधी के साथ हल्की से मध्यम वर्षा होने के आसार हैं।
बिहार के उत्तर-पूर्वी हिस्सों, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में एक-दो स्थानों पर वर्षा जारी रह सकती है। अरुणाचल प्रदेश और असम में बारिश की तीव्रता में कमी आएगी।
केरल, आंतरिक कर्नाटक और दक्षिणी तमिलनाडु में हल्की वर्षा होने की संभावना है।
बारिश के चलते हैं दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अगले 24 घंटों के दौरान दिन के तापमान में 2-4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। राजस्थान और गुजरात में भी तापमान में हल्की कमी के आसार हैं।………www.skymetweather.com

कोई टिप्पणी नहीं: