कुल पेज दृश्य

13 अप्रैल 2011

निर्यातकों की मांग बढऩे से मक्का के दाम रिकार्ड पर

सीबॉट में मक्का मजबूत:- सिडनी। अमेरिका के सीबॉट में सोमवार को मक्का वायदा में 2' की तेजी दर्ज की गई। सीबॉट में मक्का मई डिलीवरी 10 सेंट बढ़कर 7.78 डॉलर प्रति बुशल हो गई। इससे पहले भाव 7.83 डॉलर प्रति बुशल तक चले गए थे। बीते सप्ताह मक्का अनुबंध में 4' की वृद्धि दर्ज की गई है। अमेरिका में मक्का के निर्यातकों के पास स्टॉक की कमी के कारण भाव में तेजी दर्ज की गई है। मक्का में तेजी की एक वजह सरकार द्वारा सीजन के अंत में आवक के बारे में रिपोर्ट जारी करना है। एथानॉल इंडस्ट्री से भी मक्का की मांग निकल रही है। अमेरिका में मक्का का वर्तमान स्टॉक वर्ष 1930 के बाद से अब तक सबसे कम है। (एजेंसी)निर्यातकों की मांग बढऩे से मक्का की कीमतों में तेजी बनी हुई है। दिल्ली बाजार में मक्का की कीमतें बढ़कर 1,390-1,410 रुपये प्रति क्विंटल के उच्चतम स्तर पर पहुंच गईं हैं। खाड़ी देशों के आयातक अप्रैल-जुलाई डिलीवरी मक्का के आयात सौदे 330-334 डॉलर प्रति टन की दर से कर रहे हैं। हालांकि मई में बिहार से मक्का की आवक का का दबाव बनेगा लेकिन अन्य राज्यों कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और महाराष्ट्र के पास स्टॉक सीमित होने के कारण भविष्य में दाम तेज बने रहने की संभावना है। अमेरिकी कृषि विभाग (यूएसडीए) में भारत के प्रतिनिधि अमित सचदेव ने बताया कि भारत से वियतनाम, बांग्लादेश और मलेशिया की आयात मांग पहले की तुलना में बढ़ी है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में दाम ऊंचा होने के कारण निर्यातकों को अच्छा पड़ता भी लग रहा है। चालू फसल सीजन में अक्टूबर-2010 से फरवरी तक करीब 17 से 18 लाख टन मक्का निर्यात सौदे हो चुके हैं तथा इसमें से लगभग 12-13 लाख टन की शिपमेंट भी हो चुकी हैं। वियतनाम में मक्का का दाम बढ़कर सीएंडएफ 330-334 डॉलर प्रति टन (अप्रैल-जुलाई डिलीवरी) हो गया है। चीन में इसके भाव 322 से 323 डॉलर प्रति टन हो गए हैं। हालांकि मई में बिहार में मक्का की नई फसल की आवक का दबाव बनेगा लेकिन दक्षिण एशियाई देशों की बढ़ती मांग को देखते हुए मौजूदा कीमतों में फिलहाल हल्की गिरावट आ सकती है लेकिन भविष्य में दाम तेज ही बने रहने की संभावना है। गोपाल ट्रेडिंग कंपनी के पार्टनर राजेश अग्रवाल ने बताया कि कीमतों में तेजी आने से मक्का मेें स्टॉकिस्टों की बिकवाली कम आ रही है। जबकि स्टार्च मिलों के साथ फीड निर्माताओं की मांग भी अच्छी बनी हुई है। दिल्ली बाजार में पिछले दस दिनों में ही इसकी कीमतों में 125-150 रुपये की तेजी आकर भाव 1,390-1,410 रुपये प्रति क्विंटल हो गए। बिहार की मंडियों में मक्का के दाम बढ़कर 1,250 और कोलकाता में भाव बढ़कर 1,330-1,340 रुपये प्रति क्विंटल हो गए। राजस्थान व मध्य प्रदेश की मंडियों में मक्का भाव 1,200 से 1,250 रुपये प्रति क्विंटल हो गया। हाजिर बाजार में दाम बढऩे का असर वायदा बाजार पर भी पड़ा है। एनसीडीईएक्स पर चालू महीने में मई महीने के वायदा अनुबंध में मक्का की कीमतें 8.1 फीसदी बढ़ चुकी हैं। एक अप्रैल को मई महीने के वायदा अनुबंध में इसका भाव 1,225 रुपये प्रति क्विंटल था जबकि सोमवार को 1,325 रुपये प्रति क्विंटल हो गया। लक्ष्मी ओवरसीज के डायरेक्टर दलीप काबरा ने बताया कि शिकागो बोर्ड ऑफ ट्रेड (सीबॉट) में जून महीने के वायदा अनुबंध में मक्का की कीमतें बढ़कर 304.70 डॉलर प्रति टन हो गई। कृषि मंत्रालय के तीसरे आरंभिक अनुमान के अनुसार वर्ष 2010-11 में मक्का का उत्पादन बढ़कर 202.3 लाख टन होने का अनुमान है जबकि वर्ष 2009-10 में इसका उत्पादन 167.2 लाख टन का हुआ था। (Business Bhaskar.....R S Rana)

कोई टिप्पणी नहीं: